राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

Saturday, Oct 02, 2021 - 08:03 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शिमला स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करके पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में सत्य, अहिंसा, धर्म और भारतीय परम्पराओं को सत्यनिष्ठा से अपनाने के आदर्शों को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी एक महान व्यक्तित्व थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। इसके पश्चात राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सीटीओ चौक पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने शिमला के खादी आश्रम में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उसके पश्चात लिफ्ट के पास बने शिव मंदिर में जाकर सफाई की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप व प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल सहित अन्य नेताओं ने भी इस दौरान सफाई कार्य में भाग लिया। गांधी जयंती के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की तरफ से गांधी दर्शन पर एक फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस फोटो प्रदर्शनी में महात्मा गांधी की हिमाचल प्रदेश और देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी यादों को दर्शाया गया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर देशभक्ति गीत और भजन भी प्रस्तुत किए गए।

कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी व शास्त्री को राजीव भवन में दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक आशा कुमारी, डाॅ. धनीराम शांडिल, रामलाल ठाकुर, सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं हर्ष महाजन, प्रदेश पदाधिकारी, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay