राजभवन से विदा हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत, कहा-सभी के सहयोग से मेरा ये मिशन हुआ सफल (Pics)

Thursday, Jul 18, 2019 - 06:08 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने हिमाचल राजभवन से वीरवार को विदाई ली। राज्यपाल दोपहर बाद ठीक 3 बजे राजभवन से विदा हुए। इस अवसर पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि उन्हें पिछले लगभग 4 वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों, पक्ष और विपक्ष तथा आम जनता से भरपूर सहयोग और समर्थन प्राप्त हुआ। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से जनकल्याण का उनका मिशन सफल हो सका।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जनकल्याण के यह कार्य निरंतर चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और उनकी युवा सोच और विकास के प्रति लगन से प्रदेश विकास के नए लक्ष्यों को हासिल करेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि नशे की प्रवृत्ति को त्याग कर प्रदेश और स्वयं के निर्माण में भागीदार बनें और स्वयं को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करें।

वहीं इस मौके पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल ने राष्ट्रहित और जनहित के मुद्दों पर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया है। उन्होंने इन विषयों के प्रति आम व्यक्ति को जागरूक किया और प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने जो भी समाज कल्याण और प्रदेश के विकास के मुद्दे उठाए हैं उन्हें सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा और उन्हें पुरजोर तरीके से लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण विषय है, जिसमें किसानों और बागवानों ने गहन रूचि दिखाई है। किसानों की आय और समृद्धि के लिए प्राकृतिक खेती वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण विषय को पूरी तत्परता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। बतां दे कि 22 जुलाई को आचार्य देवव्रत गुजरात में राज्यपाल के पद की शपथ लेंगे।

Vijay