युकां पदाधिकारियों पर दर्ज केस वापस ले सरकार, वरना आंदोलन करेगी युकां : निशांत

punjabkesari.in Saturday, Dec 18, 2021 - 05:45 PM (IST)

हमीरपुर : प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता निशांत शर्मा ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करने का आरोप लगाते हुए धर्मशाला में युकां प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी व अन्य पदाधिकारियों पर लाठियां बरसाने व मामला दर्ज करने की कड़े शब्दों में निन्दा व भर्त्सना की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि इस तरह की दमनकारी नीति ब्रिटिश काल की याद दिलाती है, जब अपना हक मागने वाली जनता को पुलिसिया दमन का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और सरकार की गलत नीतियों का विरोध करना अपराध नहीं लेकिन, केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार भूल चुकी है कि जनता ने उन्हें चुना है और नेतृत्व सेवा के लिए सौंपा है। लेकिन भाजपा विरोधियों को दुश्मन मानकर उनपर बदले की भावना से काम करती है। सरकार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए मामले वापस ले वरना युवा कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजधानी से लेकर बूथ स्तर तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि वैसे भी प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फैल है। सरकार विकास के बड़े दावे करती है लेकिन कैग की रिपोर्ट ने आईना दिखा दिया है। सरकार 96 बड़ी विकास परियोजनाओं पर एक पैसा भी खर्च नहीं कर पाई है। फिर विकास किसका किया जा रहा है। जब इन सब सवालों का जबाव जनता माँग रही है तो सरकार उल्टे आंखें दिखा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि युवा कांग्रेस पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएं, अन्यथा युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर इसका माकूल जबाव देगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News