पेपर लीक मामले में सरकार बड़ी कार्रवाई को तैयार, पैसे लेकर नौकरियां पाने वाले हो सकते हैं सेवाओं से बाहर

Wednesday, Feb 08, 2023 - 12:09 AM (IST)

शिमला (रमेश सिंगटा): राज्य कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े पेपर लीक मामले में अब प्रदेश सरकार को अंतिम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। विजीलैंस की प्रारंभिक रिपोर्ट में ही चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले 2 वर्षों की अधिकांश भॢतयां संदेह के घेरे में हैं। कइयों ने पैसे देकर नौकरियां हासिल की हैं। सरकार ऐसे व्यक्तियों को सेवाओं से बाहर कर सकती है। सुक्खू सरकार कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। इस मामले में कानूनी पहलुओं पर भी गौर किया किया जा रहा है। सीएम ने सख्त कार्रवाई करने के साफ संकेत दिए हैं। इस केस की निगरानी एडीजीपी विजिलैंस सतवंत अटवाल खुद कर रही हैं। उन्हें हाल ही में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी मिला है। वह एनआईए जैसी प्रतिष्ठित एवं नामी जांच एजैंसी में भी कार्य कर चुकी हैं। उनके अनुभव का विजीलैंस को बड़ा लाभ हो रहा है। 

लाखों के भविष्य से जुड़ा है मामला
पूरा का पूरा मामला लाखों अभ्यर्थियों के करियर से जुड़ा हुआ है। इससे पहले पटवारी की भर्ती परीक्षा में भी गड़बड़ी के आरोप लगे थे। कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई जांच करवाई गई थी लेकिन जांच में गड़बड़ी साबित नहीं हो पाई थी। हां पुलिस भर्ती की एक परीक्षा में कांगड़ा के परौर में जरूर गड़बड़ी सामने आई थी। असली अभ्यर्थी की जगह दूसरा व्यक्ति बैठा था। यह सौदा भी लाखों में हुआ था। इसके बाद पिछले साल मार्च महीने में आयोजित हुई कांस्टेबल भर्ती का पेपर लीक हो गया था। इसकी जांच एसआईटी.ने की। अब यह मामला सीबीआई के पास है। 

सही निकल रहे आरोप
इससे विजीलैंस की जांच में आरोप सही साबित होने लगे हैं। संदेह है कि कई भर्तियों के पेपर बेचे गए हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। जांच एजैंसी मामले की तह तक जाएगी। जांच में एक के बाद एक कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। 

फोरैंसिक लैब से हासिल की जा रही रिपोर्ट
जेओए आईटी पेपर लीक मामले में पुलिस की केस प्रॉपर्टी ओएमआर शीटें, लैपटॉप, कम्प्यूटर, पैन ड्राइव, हार्डडिस्क आदि का फोरैंसिक परीक्षण हो रहा है। इनकी रिपोर्ट जैसे ही तैयार हो रही है क्षेत्रीय फोरैंसिक साइंस प्रयोगशाला धर्मशाला इसे विजीलैंस को भेज रहा है। अभी कुछ रिपोर्ट आनी बाकी है। 

इन परीक्षाओं पर बड़े सवाल
20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक होने का संदेह जताया गया। इसके बाद भी शिकायतें आनी जारी रहीं। जिन परीक्षाओं पर सवाल उठे हैं उनमें निम्र प्रमुख हैं।

  • सहायक अधीक्षक जेल परीक्षा
  • जेल वैल्फेयर ऑफिसर
  • होस्टल वार्डन
  • सहायक खनन निरीक्षक
  • स्टोर कीपर
  • ट्रैफिक इंस्पैक्टर
  • जेई सिविल
  • भाषा अध्यापक

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here 

Content Writer

Vijay