सरकार ने HRTC को दिया तोहफा, इतने कर्मचारी हुए नियमित

Thursday, Jul 06, 2017 - 09:45 AM (IST)

शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को सरकार ने नियमितीकरण का तोहफा प्रदान किया है। निगम में 3 वर्ष का अनुबंध कार्यकाल पूरा करने वाले 993 कर्मचारियों को अपने पदों पर नियमित किया गया है। ऐसे में निगम के इन कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सरकार के कर्मचारियों को 3 वर्ष में नियमित करने के निर्णय के बाद एच.आर.टी.सी. में अनुबंध पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को नियमित किया गया है। इन कर्मचारियों  में कई कर्मचारी ऐसे भी थे, जिनको अनुबंध के तहत कार्य करते हुए 5 वर्ष से अधिक समय बीत चुका था, ऐसे में इन कर्मचारियों को लंबे समय के बाद नियमितीकरण का तोहफा मिला है। निगम प्रबंधन ने इन कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया पर अब मोहर लगाई है। 

सरकार द्वारा तय वेतन और अन्य भत्ते मिलेंगे
पहले जहां निगम में कार्यरत चालक एवं परिचालकों को 6 हजार रुपए के साथ 1200 रुपए इनसैंटिव मिलता था वहीं पर अब इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा तय वेतन और अन्य भत्ते मिलेंगे। चालक और परिचालकों सहित नियमित हुए कर्मचारियों के वेतनमान में अब कई गुना की वृद्धि होगी। 

इन श्रेणियों के कर्मचारी हुए नियमित
एच.आर.टी.सी. में 592 चालक, 357 कंडक्टर, 46 वर्कशॉप स्टाफ और 18 क्लर्कों को नियमित किया गया है। सरकार ने इन कर्मचारियों के नियमितीकरण को बुधवार को मोहर लगा दी है।