भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रही सरकारः बाली
punjabkesari.in Friday, Jul 30, 2021 - 10:34 AM (IST)

कांगड़ा (ब्यूरो) : 2 हफ्ते पहले मुख्यमंत्री पद पर कांगड़ा जिला के हक की आवाज उठाने वाले पूर्व मंत्री जी.एस. बाली ने जयराम सरकार पर फिर से निशाना साधा है। प्रेस बयान में पूर्व मंत्री जी.एस. बाली ने आरोप लगाया है कि जयराम सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को संरक्षण दे रही है। सरकार के इस कृत्य की वजह से हिमाचल के ईमानदार अधिकारी हतोत्साहित हो गए हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो हिमाचल प्रदेश प्रगति के रास्ते में बहुत पीछे चला जाएगा। बाली ने कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा हो रहा है कि सरकार पर सरकार चल रही है। सरकार ईमानदार अफसरों को प्रताड़ित कर भ्रष्ट अधिकारियों के संरक्षण में खड़ी है। हैरत इस बात की है कि भ्रष्ट अधिकारियों को पोसिं्टग और एक्सटेंशन मनमर्जी से मिल रही है।
ये भ्रष्ट अधिकारी कुछ नेताओं और सरकार की सेवा में लगे रहते हैं जबकि जनता की सेवा करने वाले ईमानदार अफसर प्रताड़ित और हतोत्साहित किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया है कि आखिर पहले से भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे अधिकारियों को एक्सटेंशन देने की तैयारी क्यों चल रही है। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्ट अधिकारियों को इसी प्रकार से सेवा विस्तार दिया जाता है तो हम इस मामले में संलिप्त अधिकारियों वे नेताओं का कच्चा चिठा जनता के सामाने लाएंगे। वहीं बाली ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में कई अनियमितताएं हुई हैं और भर्तियों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। केंद्रीय विश्वविद्यालय में भर्तियों में हुए भ्रष्टाचार व अन्य अनियमितताओं की सी.बी.आई. जांच होनी चाहिए। पूर्व मंत्री ने कहा कि जयराम सरकार प्रबंधन के मामले में पूरी तरह फेल हो चुकी है। महंगाई सर्वोच्च स्तर पर है और प्रदेश में पहली बार पेट्रोल 100 के पार पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हिमाचलियों को कर्ज तले डुबो दिया है।