Himachal: सरकार ने स्वास्थ्य मंत्री की बेटी को दिया 6 महीने का सेवा विस्तार, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 05:15 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी व भाजपा के 2 बार के पूर्व प्रत्याशी रहे राजेश कश्यप की पत्नी गीतांजलि कश्यप को 6 माह का सेवा विस्तार मिला है। गीतांजलि कश्यप शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी के लैक्चरार पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) सोलन में तैनात हैं। वह इसी माह सेवानिवृत्त होने वाली थीं, लेकिन इसी बीच प्रदेश सरकार ने उन्हें 1 मार्च से 31 अगस्त, 2026 तक का सेवा विस्तार दे दिया है। गीतांजलि के सेवा विस्तार से संबंधित आदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी हो गए हैं। 

बता दें कि इससे पहले भी प्रदेश सरकार ने कई सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवा विस्तार प्रदान किया है। हालांकि उस समय भी सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुन: रोजगार दिए जाने पर सवाल उठते रहे हैं और इस बार भी सोशल मीडिया पर सेवा विस्तार पर सवाल उठाए जा रहे हैं और तीखी प्रतिक्रिया लोगों की ओर से की जा रही है। इस बीच कहा जा रहा है कि एक ओर प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और दूसरी ओर सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया जा रहा है। कई लोगों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है कि प्रदेश में बेरोजगारों की फौज खड़ी और दूसरी ओर बेरोजगारों को रोजगार देने की बजाय रिटायर्ड लोगों को पुन: रोजगार प्रदान किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News