तालाबंदी करने वाली सीमैंट कंपनियों को बड़ा झटका, अल्ट्राटैक से 6000 टन सीमैंट खरीदेगी सरकार

Saturday, Dec 17, 2022 - 07:08 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): तालाबंदी करने वाली अंबुजा व एसीसी कंपनियों को सरकार ने झटका दिया है। इसके तहत सरकारी स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों के लिए खरीदे जाने वाले सीमैंट के जो आदेश पहले अंबुजा व एसीसी को दिए गए थे, उसे रद्द कर दिया गया है। अब सरकार इसकी खरीद अल्ट्राटैक बाघा से करेगी। मुख्य सचिव आरडी धीमान के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। इसके अनुसार अल्ट्राटैक बाघा, बघेरी व अंबुजा नालागढ़ से सीमैंट की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है, ऐसे में सरकारी कार्यों के लिए सीमैंट की आपूर्ति में किसी तरह का व्यवधान न आए, इसके लिए वैकल्पिक स्रोत को तलाशा गया है। यानि 17 दिसम्बर, 2022 को 6000 टन सीमैंट की आपूर्ति आदेश अब अल्ट्राटैक सीमैंट बाघा को परिवर्तित कर दिए गए हैं। इसके अलावा सरकारी स्तर पर विवाद को सुलझाने का प्रयास जारी है तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद दिल्ली से अधिकारियों से चर्चा करके इसका फीडबैक लिया है।

विभागों को जारी किए पत्र
सरकार ने पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति विभाग और ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों को इस संबंध में पत्र जारी कर दिए हैं। इसके बाद राज्य आपूर्ति निगम ने संबंधित विभागों को पत्र जारी करके ठेकेदारों से सीमैंट खरीदने की बात कही है। इसकी एवज में उन्हें 20 रुपए ज्यादा देने को भी कहा गया है। प्रदेश में सबसे अधिक पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति विभाग और ग्रामीण विकास का काम प्रभावित हो रहा था। इस समय सैंकड़ों सरकारी भवनों और तकनीकी शिक्षा विभाग के कई प्रोजैक्टों के अलावा पंचायती राज विभाग के अधीन मनरेगा के तहत काम प्रभावित हो रहे हैं।

सरकारी क्षेत्र में समाप्त हो गया था स्टॉक
2 सीमैंट संयंत्रों में पिछले कुछ दिनों से उत्पादन बंद होने के कारण प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में सीमैंट का स्टॉक समाप्त हो गया था। राज्य आपूर्ति निगम की तरफ से जारी किए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि दोनों कंपनियों के संयंत्रों के बंद होने से निगम के 118 गोदामों में सीमैंट का स्टॉक समाप्त हो गया है, इसलिए एसीसी और अंबुजा सीमैंट कंपनी को पहले जारी किए गए सप्लाई ऑर्डर अब अल्ट्राटैक के लिए डायवर्ट कर दिए गए हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay