नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, फॉरेस्ट गार्ड के लिए 113 पदों पर निकली भर्ती

Thursday, Sep 12, 2019 - 11:01 AM (IST)

शिमला (देवेंद्र): नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार ने वन विभाग में फोरैस्ट गार्ड के 113 पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। सरकार ने विभाग को जल्द इनकी भर्ती के लिए पद विज्ञापित करने को कह दिया है। इनकी भर्ती से पहले आरक्षण रोस्टर भी तय कर लिया गया है। फोरैस्ट गार्ड की भर्ती वन सर्कल स्तर पर होगी। इनकी भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन महकमे में वन रक्षकों की कमी लगभग समाप्त हो जाएगी, क्योंकि हाल ही में वन विभाग में 123 फोरैस्ट गार्ड को तैनाती दी गई है।

नए मंजूर 113 पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से फोरैस्ट गार्ड का चयन किया जाएगा। इसके लिए पहले शारीरिक परीक्षा पास करनी होगी, बाद में लिखित परीक्षा को उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह राहत भरी खबर है। वर्तमान में वन महकमे में भी कुछ वन रक्षक ऐसे हैं, जो 2-2 वन बीटों को देख रहे हैं। इस वजह से इन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और वन संपदा को वन माफिया से बचाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। 
 

Ekta