पर्यटकों के लिए खुशखबरी, HPTDC दे रहा करवा चौथ और दिवाली की खुशी दोगुनी करने का मौका

Friday, Oct 11, 2019 - 04:21 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): करवा चौथ और दिवाली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एच.पी.टी.डी.सी.) ने विशेष पैकेज लांच करने का निर्णय लिया है। करवा चौथ के अवसर पर 16 से 18 अक्तूबर तक 2 रातों के लिए एच.पी.टी.डी.सी. के किसी भी होटल में ठहरने वाले मेहमानों को कमरे के टैरिफ पर 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा होटलों में सरगी में एच.पी.टी.डी.सी. द्वारा फेनी, केला, दूध, गुलाब जामुन और मेथी आदि को बिना किसी कीमत से परोसा जाएगा।

इसके अलावा अर्ग, पूजा थाली और करवा (चावल, उरद दाल, दूर्वा, फूल, कुंगू आदि के साथ) भी बिना किसी शुल्क के एच.पी.टी.डी.सी. द्वारा प्रदान किया जाएगा। हिमाचली थाली को करवा चौथ पर मेहमानों को विशेष रूप से परोसा जाएगा, जिसका मूल्य 350 रुपए जी.एस.टी. अतिरिक्त प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, करवा चौथ पूजा के लिए आवश्यक अन्य सामान जैसे ड्राई फ्रूट, पुना, सुहागी (बिंदी, चुड़ी, काजल, रिबन, मेहंदी आदि) भुगतान के आधार पर एच.पी.टी.डी.सी. द्वारा किया जाएगा। करवा चौथ पैकेज के अलावा एच.पी.टी.डी.सी. ने विशेष दिवाली पैकेज भी जारी करने का निर्णय लिया है।

इस पैकेज के तहत 26 से 28 अक्तूबर तक 2 दिनों के लिए एच.पी.टी.डी.सी. होटलों में रहने वाले मेहमानों को तीसरे दिन मुफ्त आवास की अनुमति दी जाएगी। दीपावली की रात, लक्ष्मी पूजन की व्यवस्था होटल के परिसर में उपलब्ध करवाई जाएगी, जहां मेहमान पूजा कर सकते हैं। इस अवसर पर एच.पी.टी.डी.सी. संपत्तियों को सजाया जाएगा और दीयों के साथ रोशनी की जाएगी।

एच.पी.टी.डी.सी. के होटलों में करवा चौथ यादगार बना सकते हैं विवाहित जोड़े

एच.पी.टी.डी.सी. की प्रबंध निदेशक कुमुद सिंह ने कहा कि करवा चौथ और दिवाली के अवसर पर एच.पी.टी.डी.सी. ने विशेष पैकेज लांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि करवा चौथ पति और पत्नी के बीच साझा किए गए पवित्र बंधन को दर्शाता है और विवाहित जोड़े इस पवित्र त्यौहार को एच.पी.टी.डी.सी. के होटलों में मनाकर इस दिन को यादगार बना सकते हैं और अत्यधिक रियायती पैकेज का लाभ भी उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिवाली प्रकाश और खुशियों का त्यौहार है और निगम इस विशेष दीवाली त्यौहार का आनंद लेने का अच्छा अवसर प्रदान कर रहा है।

 

 

 

Edited By

Simpy Khanna