हिमाचल के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, सरसों व रिफाइंड तेल होगा सस्ता

Tuesday, Jan 08, 2019 - 07:33 PM (IST)

शिमला: महंगाई के इस दौर में प्रदेश के लाखों राशनकार्ड उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब डिपुओं में सस्ता सरसों का तेल मिलेगा। जानकारी के अनुसार डिपुओं में मिलने वाला तेल 4.50 व रिफाइंड 6.50 रुपए तक सस्ता मिलेगा। प्रदेश में सस्ते तेल के लिए टैंडर खोले थे, जिसमें यह टैंडर फाइनल हो गया है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश में तेल सप्लाई के टैंडर अहमदाबाद की नामी कंपनी को मिला है। यह कंपनी देश के विभिन्न राज्यों में गुणवत्ता से भरा तेल उपलब्ध करवाती है। तेल में दामों में कमी आने से राशनकार्ड उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। मौजूदा समय में डिपुओं में सरसों का तेल 78 रुपए और रिफाइंड 70 रुपए मिलता है। रेट कम होने पर सरसों का तेल 73.50 और रिफाइंड 63.50 रुपए मिलेगा जबकि यदि इन दोनों तेल की कीमतें बाजार में 100 रुपए से अधिक हैं।

सरकार के पास साइन के लिए भेजी फाइल

तेल के नए टैंडर की फाइल फाइनल होने के बाद सरकार के पास साइन के लिए भेजी गई है। जैसे ही फाइल पर प्रदेश सरकार की मोहर लगती है तो डिपुओं में सस्ता तेल मिलना शुरू हो जाएगा। राज्य आपूर्ति निगम ने प्रदेश के राशन उपभोक्ताओं को सस्ता तेल उपलब्ध करवाने के लिए टैंडर खोले थे, जिसमें कंपनी के तेल के सस्ते रेट प्राप्त हुए हैं। इसी आधार पर सरकार ने प्रदेश के उपभोक्ताओं को कम दामों पर तेल उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से लाखों परिवारों को सहायता मिलेगी।

18 लाख उपभोक्ता, प्रति राशनकार्ड मिलता है 2 लीटर तेल

प्रदेश में 18 लाख राशनकार्ड उपभोक्ता हैं। प्रति राशनकार्ड उपभोक्ताओं को 2 लीटर तेल मिलता है। इसमें एक लीटर रिफाइंड और एक लीटर सरसों का तेल मिलता है। डिपुओं में जिस माह एक तेल की सप्लाई नहीं आती, उस माह सरसों के 2 तेल पैकेट भी कई बार दे दिए जाते हैं। अब संभावना है कि नई कंपनी के साथ तेल के टैंडर होने के बाद डिपुओं में तेल की नियमित सप्लाई पहुंचेगी। खाद्य एवं आपूर्ति निगम ने फिलहाल 3 माह के लिए ही टैंडर खोले थे।

अहमदाबाद की कंपनी फाइनल

राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के एम.डी. बी.सी. बडालिया ने बताया कि प्रदेश में सस्ता खाद्य तेल उपलब्ध करवाने के लिए टैंडर खोले गए थे। इसमें अहमदाबाद की कंपनी को फाइनल किया है। उपभोक्ताओं को सस्ता तेल व रिफाइंड उपलब्ध करवाने की कोशिश की जा रही है।

Vijay