श्रद्धालु ने मां बज्रेश्वरी को अर्पित किया सोने का सिंहासन व चांदी का पलंग

punjabkesari.in Sunday, Apr 18, 2021 - 10:43 PM (IST)

कांगड़ा (अविनाश): कोरोना महामारी के चलते भी माता बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में दानवीरों के कदम नहीं रुक रहे हैं। चैत्र नवरात्र में भले ही श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है, लेकिन श्रद्धालु दिल खोलकर माता के चरणों में दान दे रहे हैं। नवरात्र के छठे दिन रविवार को एक भक्त ने माता के सिंहासन को सोने-चांदी से सुशोभित किया है। सिंहासन में श्रीगणेश की प्रतिमा के अलावा सूर्यदेव भी सुशोभित हैं। इसके अलावा उन्होंने माता रानी की रात्रि शैया के लिए चांदी जडि़त पलंग भी देवी के चरणों में अर्पित किया है। सिंहासन तथा पलंग को अंबाला के एक प्रसिद्ध ज्वैलर्स के कारीगरों ने एक माह की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया है।

मंदिर न्यास के अनुसार सिंहासन भेंट करने वाले दानी सज्जन हर वर्ष मकर संक्रांति पर 20 टीन देसी घी भी देवी के चरणों में भेंट करते हैं। मंदिर अधिकारी दलजीत शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं में शारीरिक दूरी का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रविवार को लगभग 1500 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। शनिवार को श्रद्धालुओं द्वारा 2,68,127 रुपए नकद व 369 ग्राम चांदी का चढ़ावा माता के चरणों में अर्पित किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News