लाल सोने की लाली और हुई सुर्ख, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, इतने रुपए में बिका टमाटर का क्रेट

punjabkesari.in Sunday, Jul 14, 2024 - 07:09 PM (IST)

गोहर (ख्यालीराम): लाल सोने की लाली दिन प्रतिदिन चमक छोड़ रही है। हाईब्रिड टमाटर के दाम में फिर उछाल आया है। रविवार को हाईब्रिड टमाटर का एक क्रेट 1300 रुपए में बिका। इससे किसानों के चेहरे पर रौनक आ गई है। हालांकि इससे पहले टमाटर उत्पादकों को 700 से लेकर 1000 रुपए दाम मिल रहे थे लेकिन जैसे ही कीमतों में उछाल आया, किसानों में नई स्फूर्ति आ गई है। अनुमान जताया जा रहा है कि फसल की कीमतें और बढ़ेंगी। बारिश के कारण बाहरी राज्यों में टमाटर की अधिकतर पैदावार खराब हो गई है। इस कारण प्रदेश के टमाटर की रोजाना बाहरी राज्यों की मंडियों में मांग बढ़ रही है। आढ़तियों की माने तो आने वाले एक माह तक दाम में तेजी रहने की उम्मीद है। यहां का टमाटर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब व हरियाणा की मंडियों में भेजा जा रहा है।

मक्की और धान की खेती से हाय-तौबा कर लाल सोना टमाटर की खेती की ओर रुख किए गोहर के किसान फसल से मालामाल हो रहे हैं। वहीं, अगर मंडी जिला की बल्ह घाटी में इस सीजन में कई किसानों ने टमाटर उत्पादन में करोड़पति बनने का गौरव हासिल किया है। उधर गोहर में सैंकड़ों किसान टमाटर की खेती करने से लखपति बन गए हैं। हजारों की आय तो हर टमाटर उत्पादक हासिल कर रहे हैं। इस बार समय से पूर्व आए मानसून ने पंजाब, बेंगलुरु जैसे मैदानी क्षेत्रों में टमाटर की फसल को बेहद क्षति पहुंचाई है। गत वर्ष की भांति इस बार भी लाल सोना किसानों के लिए बंपर कमाई का मौका लेकर आया है। टमाटर की खेती से बड़ी संख्या में किसान मालामाल हो रहे हैं। कमाई भी ऐसी कि एक ही दिन में 50 से 60 हजार रुपए तक का मुनाफा लेकर किसान खुशी-खुशी घर लौट रहे हैं। कई किसान रोजाना टमाटर के 70 से 100 क्रेट का तुड़ान कर रहे हैं।

जबकि सीजन के दौरान आसमान छू रही माल की मांग के चलते टमाटर उत्पादकों के खेतों में ही व्यापारी पहुंच रहे हैं तथा वहीं से ही माल उठा रहे हैं। गोहर से हर रोज 50 से अधिक गाड़ियां बाहर की मंडियों में खेप लेकर जा रही हैं। बता दें कि गोहर उपमंडल के नौण, बैहरी, कोट, बासा, स्यांज, चैलचौक इत्यादि इलाकों में लगभग 250 बीघा भूमि पर टमाटर की खेती की जा रही है। जहां बीते वर्ष फसल से करीब 4 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है। नरपत राम ने कहा कि आज जिन किसान के पास टमाटर है वो भाग्यशाली हैं। इस बार टमाटर के अच्छे दाम से मुनाफा हो रहा है। कृषि विषयवाद विशेषज्ञ डा. मुंशी राम ठाकुर ने कहा कि इस बार टमाटर छोटे-बड़े किसानों को मालामाल कर रहा है। टमाटर के दाम बढ़ने के साथ कारोबार भी चार गुना अधिक बढ़ गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News