बारिश ने बरपाया कहर, मलबे में दबीं गाडिय़ां

Monday, Jul 04, 2022 - 09:34 PM (IST)

जंजैहली/गोहर (ख्यालीराम): सराज क्षेत्र में रविवार देर रात हुई बारिश ने खूब कहर बरपाया है। सराज के 27 सड़क मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई तथा विद्युत विभाग के 212 डी.टी.आर. बंद हो गए। विद्युत लाइन लम्बाथाच-चिऊणी-चेत की 2 लाइनें टूट गई हैं जिससे विभाग को काफी नुक्सान उठाना पड़ा है। बारिश से सड़कों को हुए नुक्सान से पी.डब्ल्यू.डी. डिवीजन जंजैहली को करीब 2 करोड़ रुपए की चपत लगी है। सराज के आलाधिकारियों ने सुविधाएं बहाल करने के लिए सोमवार सुबह फील्ड कर्मचारियों/अधिकारियों और मशीनरी को तैनात किया और दोपहर तक सड़कें और विद्युत के ठप्प पड़े डी.टी.आर. बहाल कर दिए। उधर, पी.डब्ल्यू.डी. ने 27 में 24 सड़क मार्ग बहाल कर दिए हैं तथा विद्युत विभाग ने 212 डी.टी.आर. में से 198 की सप्लाई चालू कर दी है। केऊली नाले के पास सड़क  किनारे खड़ी गाडिय़ां मलबे में दब गईं। जंजैहली-चैलचौक, मंडी-लम्बाथाच-कल्हणी व जंजैहली-मगरूगला-छतरी सहित दर्जनों मार्ग अभी बंद हैं जिस कारण लोग पैदल ही अपने गंतव्यों तक पहुंच रहे हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी
विद्युत उपमंडल जंजैहली के सहायक अभियंता नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 16 डी.टी.आर. की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल जंजैहली के अधिशासी अभियंता बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि 3 सड़कों को छोड़कर सभी बाधित मार्गों पर आवाजाही बहाल कर दी है।

एस.डी.एम. थुनाग पारस अग्रवाल ने कहा कि मानसून के चलते किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उपमंडल के सभी विभागों को आगाह कर दिया गया है ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। क्षेत्र में रविवार देर शाम को हुई भारी बारिश से होने वाले नुक्सान से संबंधित रिपोर्ट ली जा रही है।

Content Writer

Kuldeep