Bilaspur: स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 04:31 PM (IST)
घुमारवीं (जम्वाल): पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों में चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 3 गैस सिलैंडर और एक गैस रैगुलेटर बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त आल्टो कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना घुमारवीं में 30 अगस्त को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक 27 और 28 अगस्त की मध्यरात्रि आंगनबाड़ी केंद्र जरलू (रोहिण) के 2 दरवाजे तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने सुराग जुटाते हुए 2 आरोपियों लखवीर सिंह उर्फ लक्की पुत्र देवराज निवासी गांव बागठेड़ू डाकघर भगेड़, तहसील घुमारवीं तथा जितेन्द्र सिंह उर्फ शिशु पुत्र सरवन सिंह निवासी गांव घुमाणी, डाकघर कंदरौर, तहसील घुमारवीं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 3 गैस सिलैंडर और एक गैस रैगुलेटर बरामद कर लिया है। इसके साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई आल्टो के-10 कार को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

