गहलोत ने दिया आश्वासन, बोले-हिमाचल को मिलेगी समुचित धनराशि

Wednesday, Jan 17, 2018 - 11:43 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने गत दिवस नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री को हिमाचल प्रदेश में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश सरकार महिलाओं को विकास में समान भागीदारी दिलवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। प्रदेश सरकार ने महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के दृष्टिगत राज्य में गुडिय़ा हैल्पलाइन की स्थापना की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। 

पूर्ण मनोयोग के साथ विभिन्न योजनाओं को लागू करे प्रदेश सरकार
इस दौरान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार पूर्व में भी हिमाचल प्रदेश को भरपूर सहायता प्रदान करती आ रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश को समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने डा. राजीव सहजल से पूर्ण मनोयोग के साथ विभिन्न योजनाओं को लागू करने का आग्रह किया।