त्यौहारी सीजन में फिर गहराया गैस संकट, नहीं मिल रहे सिलैंडर

Thursday, Oct 10, 2019 - 01:18 PM (IST)

शिमला (राजेश): त्यौहारी सीजन के चलते राजधानी शिमला में एक बार फिर गैस सिलैंडरों पर संकट गहरा गया है। शहर में गैस उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलैंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के साथ व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं को भी गैस सिलैंडर के लिए एक सप्ताह से अधिक का इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों को जो सप्लाई 3 से 4 दिन में मिल जाती थी, अब वह एक से डेढ़ सप्ताह बाद मिल रही है। सिलैंडर समय पर न मिलने से उपभोक्ता खास कर व्यवसायी गैस एजैंसियों के चक्कर काट रहे हैं और बार-बार फोन कर गैस सप्लाई देने को कह रहे हैं, लेकिन गैस एजैंसियों से यह जवाब मिल रहा है कि सिलैंडर नहीं हैं और सप्लाई नहीं आ रही है। जैसे ही सप्लाई आती है, सिलैंडर की डिलीवरी की जाएगी।  

शहर में गैस सप्लाई न मिलने से उन उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी आ रही है, जिनके पास एक ही गैस सिलैंडर है और खत्म हो गया है। शहर में गैस सिलैंडर समय पर न मिलने से घरेलू उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि कारोबारी जैसे होटल व रैस्टोरैंट चला रहे व्यवसायी भी परेशान हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें समय पर सिलैंडर नहीं मिल रहे हैं, ऐसे में उन्हें मुश्किलों से गैस सिलैंडरों का प्रबंध करना पड़ रहा।

एजैंसियों में 1000 से 1500 का बैकलॉग

शहर में की गैस एजैंसियों में इन दिनों 1000 से 1500 से अधिक सिलैंडरों का बैकलॉग चल रहा है। यानी इतने कनैक्शनों को सिलैंडर की बुकिंग है और उन्हें सिलैंडर नहीं मिला है। शहर की हर एजैंसी में करीब 15 हजार कनैक्शन हैं। ये सभी कनैक्शन शहर व आसपास के क्षेत्र के हैं। गैंस एजैंसी से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 4 दिनों से गैस सप्लाई नहीं आई है, ऐसे में बैकलॉग हो गया है। जैसे ही सप्लाई आती है, गैस पहुंचा दी जाएगी।

सिर्फ 5 गैस एजैंसियों में ही समस्या

शहर में मौजूदा समय में 8 गैस एजैंसियां काम कर रही हैं। इनमें 5 गैस एजैंसियों में सिलैंडरों की अधिक समस्या आ रही है। जानकारी के अनुसार शहर की हिमालय गैस एजैंसी लक्कड़ बाजार, वनीत गैस एजैंसी लांगवुड, दुर्गा गैस एजैंसी संजौली और उत्तम गैस एजैंसी शिमला और भट्टाकुफर स्थित एक गैस एजैंसी से सिलैंडर उपभोक्ताओं को समय पर नहीं पहुंच रहे हैं, जबकि अन्य 3 गैस एजैंसियों की सप्लाई सही है और समय पर घरों में सिलैंडर भी पहुंच रहे हैं।

सप्लाई जा रही है, नहीं कोई समस्या

उधर, इस बारे में एल.पी.जी. गैस शिमला एरिया मैनेजर का कहना है कि गैस सप्लाई शिमला की जा रही है। एजैंसियों में सिलैंडर पहुंचाए जा रहे हैं। यहां तक कि रविवार को भी सिलैंडरों की सप्लाई पहुंचाई जा रही है।

Ekta