पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर की हुई कांग्रेस में वापसी

Saturday, Apr 20, 2024 - 06:07 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गंगू राम मुसाफिर की कांग्रेस में वापसी हुई है। वह शनिवार को अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी व अन्य नेता मौजूद रहे। गंगूराम मुसाफिर 1982 में पहली बार निर्दलीय विधायक बने थे। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने पर मुसाफिर ने कांग्रेस से बगावत कर दी थी तथा निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरे थे। उपचुनाव में मुसाफिर को 13187 वोट मिले थे तथा उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। इन उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने 21215 वोट लेकर जीत हासिल की थी जबकि 17358 वोटों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी दयाल प्यारी दूसरे नंबर पर रहीं थीं। उपचुनाव में बगावत के कारण मुसाफिर को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। हालांकि इससे पहले हुए प्रदेश विधानसभा के आम चुनावों में कांग्रेस ने मुसाफिर को टिकट दिया था लेकिन वह भाजपा प्रत्याशी से हार गए थे। इसलिए कांग्रेस ने दयाल प्यारी को मैदान में उतारा था। अब उनकी घर वापसी से पच्छाद विधानसभा क्षेत्र तथा जिला सिरमौर में कांग्रेस मजबूत होगी।

धीरे-धीरे पार्टी से गए सभी नेताओं की होगी वापसी : प्रतिभा सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि कई कांग्रेस विचारधारा के लोग कई कारणों से पार्टी से बाहर चले गए हैं। उन सभी की धीरे-धीरे पार्टी में वापसी होगी। इनमें से कुछ को पार्टी में शामिल कर लिया गया है। इसी कड़ी में गंगूराम मुसाफिर की वापसी हुई है। इससे कांग्रेस के कार्यकर्त्ता खुश हैं तथा इससे पार्टी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्त्ता लंबे समय से मुसाफिर की वापसी चाहते थे तथा आज उनकी इच्छा पूरी हुई है। उनके आने से पार्टी की स्थिति शिमला संसदीय सीट में मजबूत होगी तथा पार्टी को चुनावों में लाभ मिलेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay