Una: 24 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप्प, घरों में जले विद्युत उपकरण, गुस्से में उपभोक्ताओं ने कार्यालय में जड़ा ताला
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 09:03 PM (IST)
गगरेट (बृज): गगरेट क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को क्षेत्र के कई गांवों में दिन-रात बिजली गुल रहने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने गगरेट स्थित बिजली विभाग के शिकायत कार्यालय में ताला जड़कर विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभाग मंगलवार दोपहर बाद विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं कर पाया था। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू होने के दौरान लोड बढ़ने से कई घरों में विद्युत उपकरण जलने की शिकायतें सामने आईं।
ग्रामीणों के अनुसार टीवी, फ्रिज, पंखे, मोटर व इनवर्टर सहित अन्य उपकरणों को नुक्सान पहुंचा है। उपभोक्ताओं ने दावा किया कि इससे उन्हें लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। प्रभावित लोगों ने विभाग से नुक्सान का आकलन करवाकर उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग उठाई है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली की समस्या बार-बार सामने आ रही है लेकिन विभाग की ओर से इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली तकनीकी खराबी आने पर भी बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बहाल नहीं हो पाती, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थायी समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय के बाहर देंगे धरना
गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और बार-बार पैदा हो रही तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की जांच करवाने, जर्जर एवं खराब उपकरणों को बदलने तथा बिजली आपूर्ति में बार-बार आ रही बाधाओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है, वहीं उपकरणों के जलने से हुए नुक्सान को लेकर भी उपभोक्ताओं में रोष है और उन्होंने विभाग से मामले की जांच करवाने की मांग की है।
रात को नियुक्त किया जाए विद्युत कर्मी
ट्रेड वैल्फेयर बोर्ड के सदस्य शुभम पुरी ने गगरेट बाजार में बार-बार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति की बहाली को ठीक करने के लिए रात के समय एक कर्मी की स्थायी नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने रोष जताया कि गगरेट बाजार में 10 बजे के बाद बिजली जाने पर कोई भी कर्मी मौजूद नहीं होता। जब रात को फोन करें तो या तो फोन नहीं उठाते और अगर उठा भी लें तो उनका जवाब होता है कि उनकी ड्यूटी खत्म हो चुकी है। इससे बच्चे और बुजुर्ग गर्मी में पूरी रात गुजारने को मजबूर होते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष मंजू ठाकुर ने कहा कि नगर पंचायत में कम से कम रात के समय कर्मी ड्यूटी पर होना चाहिए। विगत रात भी वह बिजली की आपूर्ति के लिए विभाग के अधिकारियों के साथ संपर्क में रही थीं। विद्युत विभाग के एसडीओ अभिलाष ने कहा कि 132 केवी इलैक्ट्रिक सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण उक्त समस्या आई थी।

