हिमाचल के गबरू ने स्वीडन में बिनाई बर्फ की मूर्ति, विश्व में हासिल किया पहला स्थान

Tuesday, Feb 04, 2020 - 09:36 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): स्वीडन में हिमाचल के मूर्तिकार मनोज कुमार ने भारत व हिमाचल का नाम रोशन किया है। मनोज की टीम ने अंतर्राष्ट्रीय बर्फ मूर्ति प्रतियोगिता मेंं पहला स्थान हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 22 से 26 जनवरी तक स्वीडन के किरूना में आयोजित की गई थी, जिसमें भारत, फ्रांस, रूस, जर्मनी, स्पेन और स्वीडन की टीमों ने भाग लिया। भारत से मनोज व हरियाणा के प्रदीप चहल ने भारतीय टीम का नेतृत्व करते हुए भाग लिया और बर्फ में एक शानदार मूर्ति बनाई और लोगों की वोटिंग में पहला स्थान हासिल किया।

-15 डिग्री तापमान में बनाकर तैयार की मूर्ति

मनोज की टीम ने यह मूर्ति माइनस -15 डिग्री तापमान में बनाकर तैयार की। प्रतियोगिता के बाद प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के मूर्तिकारों की मूर्तियों को लेकर वोटिंग हुई, जिसमें सबसे अधिक लोगों ने मनोज की मूर्ति को बेहतरीन बताया और प्रथम स्थान दिया। स्वीडन अथॉरिटी द्वारा मनोज कुमार व प्रदीप चहल को सम्मानित किया गया। मनोज कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया है। प्रतियोगिता में मनोज व प्रदीप ने श्रीकृष्ण की आकृति को दर्शाया है, जिसका टाइटल कालिया दमन दिया गया। 

आरएम देवासेन नेगी के भांजे हैैं मनोज

मनोज ने 12वीं तक की शिक्षा किन्नौर में हासिल करने के बाद फाइन आर्ट कॉलेज चंडीगढ़ से शिक्षा हासिल की है। मनोज दुबई व सऊदी अरब में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। मनोज एचआरटीसी शिमला में बतौर आरएम तैनात देवासेन नेगी के भांजे हैं। देवासेन नेगी ने भी इस उपलब्धि पर मनोज को देश व हिमाचल का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी है।

Vijay