हिमाचल में सीजन की सबसे ठंडी रही शुक्रवार की रात, कई शहरों का माइनस में पारा

Saturday, Dec 19, 2020 - 08:12 PM (IST)

शिमला (हैडली): मौसम साफ होने के बाद भी प्रदेशभर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के 6 जिलों में पारा माइनस में चल रहा है। मनाली, केलांग, कल्पा, सुंदरनगर, मंडी, भुंतर, सोलन और चम्बा शहर इनमें शामिल हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक जबरदस्त ठंड पड़ रही है। सुबह और शाम को तो तापमान शून्य में जा रहा है। दिन में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं। शुक्रवार की रात हिमाचल में सीजन की सबसे ठंडी रात रही। सीजन में पहली बार लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में पारा -12.1 डिग्री दर्ज किया गया।

क्रिसमस पर इस वर्ष भी नहीं होगी बर्फबारी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 दिसम्बर तक राज्य के अनेक क्षेत्रों में मौसम साफ  बना रहेगा, ऐसे में पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली और डल्हौजी में सैलानियों की व्हाइट क्रिसमस मनाने की हसरत पूरी नहीं होगी। बीते कई वर्षों से 25 दिसम्बर को बर्फ नहीं पड़ी है। पुराने बुजुर्ग बताते हैं कि 60 व 70 के दशक में तकरीबन 25 दिसम्बर को खास दिन शिमला में बर्फबारी हुआ करती थी लेकिन कई वर्षों से यह सिलसिला थम सा गया है।

मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का अलर्ट

विगत एक सप्ताह से प्रदेश में सर्दी कहर ढा रही है। मैदानी क्षेत्र सुबह 11 बजे तक घने कोहरे से घिरे रह रहे हैं। मौसम विभाग ने मैदानी भागों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कांगड़ा में अगले 24 घंटों में घना कोहरा छाने और शीतलहर चलने का यैलो अलर्ट जारी किया है। दिलचस्प बात यह है कि तमाम मैदानी क्षेत्रों की रातें पहाड़ी इलाकों शिमला व डल्हौजी से ज्यादा ठंडी बनी हुई हैं। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान -1.6, भुंतर में -1.8, कल्पा में -3, सोलन में -1.3, मनाली में -1, मंडी में -1.1 और चम्बा में -0.4 डिग्री रहा। इसके अलावा ऊना में शून्य, पालमपुर में 0.1, कांगड़ा व कुफरी में 0.8, हमीरपुर में 1.8, बिलासपुर में 2, धर्मशाला में 2.4, शिमला में 4.4 और डल्हौजी में 4.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

25 दिसम्बर तक अधिकतर क्षेत्रों में शुष्क बना रहेगा मौसम

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में फिलहाल सर्दी से निजात मिलने के आसार नहीं हैं। आगामी 25 दिसम्बर तक राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में हल्का सुधार आएगा लेकिन न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। क्रिसमस के दिन हिमाचल में कहीं भी बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। उन्होंने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के समतल इलाकों में घना कोहरा छाने और शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। वहीं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात होने के आसार हैं।

Vijay