सेब बागवानों से करोड़ों का गड़बड़झाला : CID देगी बाहरी राज्यों में दबिश, आरोपी आढ़ती होंगे गिरफ्तार

Thursday, Dec 22, 2022 - 06:15 PM (IST)

शिमला (रमेश सिंगटा): सेब बागवानों से करोड़ों के गड़बड़झाला मामले में स्टेट सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) कई राज्यों का रुख करेगी। जांच टीम आरोपी आढ़तियों के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देगी। आरोप है कि कई आढ़ती बागवानों का पैसा हड़प कर फरार हैं। अब इनकी खैर नहीं होगी। जिन आढ़तियों के खिलाफ सीआईडी थाने में केस दर्ज हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इससे कइयों पर जांच की आंच आएगी। अगर जांच में सहयोग किया तो गिरफ्तारी से बच जाएंगे लेकिन हड़पी गई धनराशि की रिकवरी होगी। इस संबंध में एसआईटी ने कुछ दिन पहले ही 4 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में आरोपी जल्द पकड़ में आएंगे।

सेब बागवानों से धोखाधड़ी को लेकर 5 से अधिक मामलों में जांच पूरी हो गई है। इनमें आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर अंतिम रूप प्रदान किया गया है। जल्द ही इन मामलों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। इसके बाद आरोपियों पर कोर्ट में केस चलेगा। सीआईडी के पास अब तक कुल 145 मामले दर्ज हैं। इनमें से 90 से अधिक मामले कोर्ट में पहुंच गए हैं। शेष की जांच चल रही है। इसके अलावा लंबित पड़ी शिकायतों की भी जांच हो रही है। शुरूआत में शिकायतों का आंकड़ा 1200 पार हो गया था। इनका त्वरित गति से निपटारा हुआ। इनके आधार पर केस भी दर्ज हुए। पूरे मामले की जांच पौने 4 वर्ष से चल रही है। अभी जांच और लंबी चलेगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay