पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ज्वाली में दराट से हमला करने वाले चारों आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 12:11 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। कांगड़ा जिले के ज्वाली पुलिस थाना क्षेत्र के बनोली गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई थी, जहां आपसी रंजिश में चार युवकों ने 57 वर्षीय करनैल सिंह पर दराट से जानलेवा हमला कर दिया था। ज्वाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बनोली पंचायत में शुक्रवार को हुई। जानकारी के अनुसार, कुशल कुमार, मनमोहन, पंकज और रिंकू (सभी पुत्र बलजीत सिंह, निवासी बनोली) का करनैल सिंह और उनके भाई अंग्रेज सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कुशल कुमार ने करनैल सिंह पर दराट से हमला कर दिया। इस दौरान मनमोहन के हाथ में दराटी थी।
करनैल सिंह की पत्नी बीना देवी ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुशल ने उन्हें धक्का दे दिया। इसके बाद, उसने करनैल सिंह की गर्दन पर दराट से कई वार किए। हमले के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन हड़बड़ी में वे अपनी स्कूटी, दराट और दराटी वहीं छोड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही ज्वाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दराट, दराटी और स्कूटी को जब्त कर लिया। लड़की किरण की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए।
ज्वाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश में तुरंत अभियान चलाया। एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को फतेहपुर के गांव घोली से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने यह गिरफ्तारी शनिवार को की। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया जा सकता है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे का असली कारण क्या था। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।