हिमाचल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा का निधन

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2020 - 08:47 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): 2 बार विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रहे तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनाथ शर्मा (76) का मंगलवार को चंडीगढ़ में निधन हो गया। तबीयत खराब होने के कारण वह चंडीगढ़ में इलाज के लिए उपचाराधीन थे। उनके पार्थिव शरीर को आज उनके गांव बरनोह में लाया गया है। पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार 16 सितम्बर को सुबह 11 बजे गांव में ही किया जाएगा। पंडित राम नाथ शर्मा अपने पीछे पत्नी, 2 पुत्र, बहुएं व 2 पुत्रियां छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र विपिन शर्मा अपना कार्य करते हैं जबकि छोटे पुत्र विवेक शर्मा कुटलैहड़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष हैं और गत विस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था।

20 सितम्बर, 1944 को जन्मे पंडित राम नाथ शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा उनके गांव में हुई। इसके उपरांत उन्होंने नेवी ज्वाइन की और वहां से लौटकर पंचायती राज संस्था में हाथ अजमाया। उन्होंने वर्ष 1977 में जनता पार्टी की तरफ से पहली बार विधायक का चुनाव जीते और वन कार्पोरेशन के चेयरमैन भी रहे। इसके बाद पंडित रामनाथ शर्मा ने कांग्रेस का दामन थामा और 1985 से 90 तक फिर से विधायक रहे। इस दौरान वह विधानसभा के उपाध्यक्ष भी चुने गए। पंडित रामनाथ शर्मा ने कुटलैहड़ में कांग्रेस को एकजुट रखने के लिए भरसक मेहनत की लेकिन 1998 में उनके इस सपने को धक्का लगा। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा फिर कुछ समय के बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी का फिर से दामन थामा और लगातार पार्टी के लिए काम करते रहे। पंडित रामनाथ शर्मा चाहे कुछ चुनाव हारे लेकिन सत्ता में उनकी पकड़ मजबूत थी। वह वाइस चेयरमैन के पद से भी नवाजे जाते रहे।

पंडित रामनाथ शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम,केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य आनंद शर्मा, कांग्रेसी नेत्री आशा कुमारी, विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, विधायक राजेश ठाकुर, बलवीर चौधरी, विधायक सतपाल रायजादा, राजेन्द्र राणा, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक राकेश कालिया सहित अन्य नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News