विधानसभा चुनाव से क्यों नदारद हैं सोनिया और राहुल गांधी : रवि शंकर

punjabkesari.in Tuesday, Nov 08, 2022 - 06:17 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने विधानसभा चुनाव में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नदारद रहने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इससे लगता है कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व हिमाचल प्रदेश को गंभीरता से नहीं लेता। उनके लिए हिमाचल प्रदेश मात्र छुट्टियां मनाने का पर्यटन स्थल है। रवि शंकर प्रसाद यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 फीसदी आरक्षण देने की बात कही थी, जिस पर अब सुप्रीम कोर्ट ने भी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव सभी वंचितों को उचित अवसर प्रदान करने की वकालत करती रही है। 

देश के इतिहास में पहली बार नारी शक्ति के लिए जारी किया अलग संकल्प पत्र 
देश के इतिहास में पहली बार हुआ है, जब हिमाचल प्रदेश में नारी शक्ति के लिए अलग संकल्प पत्र जारी किया है। यह भाजपा की महिलाओं के लिए समान अवसर और समाज में उनकी बराबर भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में सुशासन और सनातन की चिंता एक साथ की गई है। भाजपा सरकार आगामी 10 वर्षों में 12 हजार करोड़ रुपए सभी बड़े मंदिरों और शक्तिपीठों में आधारभूत संरचना और सड़क मार्ग को सुदृढ़ करने पर खर्च करेगी। इससे न केवल हिमाचल प्रदेश में निवेश आएगा बल्कि विकास के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। 

जनता से किए वायदों के लिए कहां से धन लाएगी कांग्रेस
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव के समय जनता से झूठे वायदे करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को यह बताए कि उसकी तरफ से किए गए चुनावी वायदों के लिए धन कहां से आएगा। इसके विपरीत भाजपा ने संकल्प पत्र में यह स्पष्ट उल्लेख किया है कि धन की व्यवस्था कहां से होगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News