पूर्व महापौर की सीएम के दरबार में हाजिरी, धर्मशाला का सियासी पारा चढ़ा

Saturday, Apr 10, 2021 - 12:02 AM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): नगर निगम चुनाव के बाद अब महापौर व उप महापौर चुनाव को लेकर धर्मशाला में सियासी पारा बढ़ गया है। चुनाव खत्म होने के बाद पहले ही दिन जहां भाजपा बागी उम्मीदवार सर्व चंद गलोटिया को भाजपा में पुन: शामिल करवाने में कामयाब रही है, वहीं दूसरी ओर पूर्व महापौर व वर्तमान कांग्रेस पार्षद रजनी व्यास की शिमला में मुख्यमंत्री से आज हुई भेंट वार्ता भी कई सवाल खड़े कर गई है। इस भेंट वार्ता से संबंधित फोटो को मुख्यमंत्री ने बकायदा फेसबुक पेज पर भी शेयर किया है।

चुनाव जीतने के एक दिन बाद ही मुख्यमंत्री से पार्षद रजनी व्यास की मुलाकात को लेकर कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के मुखिया हैं तथा इस नाते कोई भी उनसे अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मिल सकता है। कांग्रेस ने नगर निगम धर्मशाला के चुनाव में कम सीटों को लेकर कहा है कि पार्टी को तो नुक्सान जरूर हुआ है लेकिन उप चुनाव के मुकाबले कांग्रेस का वोट प्रतिशत काफी अच्छा हुआ है तथा विधानसभा चुनावों में धर्मशाला में कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होगी।

उधर, कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा से मात्र एक फीसदी कम वोट मिला है। कांग्रेस ने उप चुनाव के बाद अपनी स्थिति में बड़ा सुधार किया है। चुनाव के दौरान रही कमियों की भी जिम्मेदारी मैंने ली है। भविष्य में पार्टी व संगठन और मजबूत हो, इस दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।   वहीं वन मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि भाजपा की अधिक सीटें आई हैं। वोट प्रतिशत भी भाजपा का अधिक रहा है नगर निगम चुनावों में। कांग्रेस पहले अपना घर देखें कि उनके कितने प्रत्याशी जीते हैं  चुनाव में।

Content Writer

Vijay