पूर्व CM वीरभद्र का हाल जानने चंडीगढ़ रवाना पंडित सुखराम, बोले- बुरे दौर से गुजर रही कांग्रेस(Video)

Friday, Oct 04, 2019 - 04:23 PM (IST)

शिमला (योगराज): पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम शुक्रवार पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का हाल जानने के लिए चंडीगढ़ रवाना हुए। इससे पहले वे शिमला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे जहां पर उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत किया। पंडित सुखराम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का देश मे अपना बहुत बड़ा इतिहास रहा है। पार्टी इस वक्त अपने खराब दौर से जरूर गुजर रही है लेकिन पार्टी इससे उभरेगी और देश में फिर से सत्ता में काबिज होगी और इसकी शुरुआत हिमाचल प्रदेश के दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव से होगी। कांग्रेस पच्छाद और धर्मशाला दोनो सीटों पर जीत दर्ज करेगी। 

पंडित सुखराम ने अपने बेटे अनिल शर्मा को लेकर कहा कि बीजेपी के कुछ लोग उनको पार्टी से बाहर करने में लगे हुए है लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें रोक दिया है। अब वे क्या करेंगे इसका कुछ कह नही सकते है लेकिन अनिल शर्मा एक योग्य व्यक्ति है जंहा भी रहेंगे प्रदेश के लिए काम करेंगे और इससे पहले बहुत किया भी है। पंडित सुखराम ने कहा कि वे वीरभद्र सिंह का स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ जा रहे हैं। वीरभद्र सिंह जल्द ठीक हो और उनका मार्गदर्शन प्रदेश के लोगों को मिले ऐसी प्रार्थना प्रभु से की है। सुखराम ने कहा कि वीरभद्र सिंह उनसे उम्र में छोटे हैं लेकिन योग्यता में उनसे काफी बड़े हैं। वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के विकास में एक अलग भूमिका निभाई है।

Ekta