22 दिन बाद PGI से डिस्चार्ज हुए पूर्व CM वीरभद्र सिंह, हेलिकॉप्टर से पहुंचे शिमला (Video)

Thursday, Oct 10, 2019 - 05:52 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह स्वस्थ होकर पीजीआई चंडीगढ़ से शिमला लौट आए हैं। स्वस्थ होने के बाद गुरुवार को उन्हें डॉक्टरों ने 22 दिन बाद डिस्चार्ज किया। वीरभद्र सिंह सरकारी हेलीकॉप्टर में चंडीगढ़ से शिमला अनाडेल पहुंचे जहां से वे गाड़ी में अपने निवास स्थान हॉली लॉज भी पहुंच गए हैं। वीरभद्र सिंह का हाल जानने के लिए उनके समर्थक भी उनके निवास स्थान पहुंचने शुरू हो गए हैं। उनके पुत्र और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य ने बताया कि वह अब काफी स्वस्थ हो चुके हैं जिसके बाद पीजीआई से डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी है। थोड़ा आराम करने की सलाह दी गई है। विक्रमादित्य ने बताया कि प्रदेश में दो विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हो रहे हैं जिसके लिए वे खुद भी प्रचार में उतरेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से भी संदेश लोगों को कांग्रेस के पक्ष में वोट करने के लिए दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य के लिए दुआएं करने वाले लोगों का भी धन्यवाद किया।

22 दिन बाद मिली छुट्टी

बता दें कि 19 सितंबर को पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को शिमला से चंडीगढ़ रेफर किया गया था।उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। हालांकि इससे पहले वह करीब 3 दिन तक आईजीएमसी में भर्ती रहे। पीजीआई में इलाज के दौरान उनका हाल जानने उनके धुर विरोधी रहे पंडित सुखराम भी पहुंचे थे। इसके अलावा, कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी ने भी फोन कर उनका हाल जाना।  

Ekta