यहां वन माफिया के हौसले बुलंद, देवदार के हरे-भरे पेड़ों पर चलाई कुल्हाड़ी

Friday, Mar 06, 2020 - 07:39 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर): उपमंडल करसोग के जंगल वन विभाग की मुस्तैदी के बाद भी सुरक्षित नहीं हैं। वन माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे वन विभाग की आंखों में धूल झोंक कर अवैध कटान को अंजाम दे रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में वन परिक्षेत्र सेरी की खादरा बीट में वन माफिया ने देवदार के हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। वन विभाग के वन  खंड अधिकारी शीशराम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना करसोग में मामला दर्ज करवाया है।

जानकारी के अनुसार जब खादरा बीट में वनरक्षक हेमराज नियमित गश्त पर थे तो उन्होंने वहां देवदार के कटे हुए पेड़ पाए, जिसमें से एक पेड़ का हिस्सा अज्ञात लोग चोरी करके ले गए थे और दूसरे पेड़ का पूरा हिस्सा वहीं छोड़ गए थे। वन रक्षक ने इसकी सूचना वन खंड अधिकारी को दी। वन विभाग की टीम ने अपने स्तर पर छानबीन की लेकिन वन माफिया का कोई पता नहीं चला।

इसके बाद वन खंड अधिकारी ने इस बारे में थाना करसोग में मामला दर्ज करवा दिया। पुलिस ने वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी  अरुण मोदी ने मामले की पुष्टि की है। वन विभाग ने कटे हुए पेड़ों की कीमत 75433 रुपए आंकी है।

Vijay