करसोग में वन माफिया देवदार के पेड़ पर चलाई कुल्हाड़ी, पुलिस ने दर्ज किया केस

Saturday, May 09, 2020 - 10:40 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर): करसोग में वन माफिया ने फिर से हरे-भरे पेड़ पर कुल्हाड़ी चला दी, जिसकी सूचना पुलिस को देर रात फोन पर मिली। सूचना मिलते ही एएसआई बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देवदार के पेड़ के 5 नग बरामद किए। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे वन विभाग के बीओ ने सेरी से थाना करसोग को फोन पर पेड़ काटने की सूचना दी। बीओ ने शिकायत में बताया कि सैंज बगड़ा के समीप गश्त के दौरान जंगल में एक पेड़ कटा हुआ पाया गया तथा 3 लोगों को मौके पर पकड़ा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन के दौरान बगीचे और रास्ते में लकड़ी के 5 नग बरामद किए। पेड़ काटने के मामले में चार लोग संलिप्त पाए गए, जिन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Vijay