Bilaspur: वन माफिया के हाैसले बुलंद, सरकारी जंगल से काट डाले डेढ़ दर्जन खैर के पेड़

punjabkesari.in Friday, Jan 02, 2026 - 11:07 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): वन परिक्षेत्र झंडूता के अंतर्गत आते गोचर जंगल में खैर के अवैध कटान का मामला सामने आया है। जंगल से खैर काटे जाने की भनक लगते ही वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वन माफिया ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए गोचर जंगल के विभिन्न स्थानों पर करीब डेढ़ दर्जन खैरों के पेड़ों को काट डाला। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लोगों की मिलकीयत भूमि से खैर कटान का कार्य चल रहा है, उसी की आड़ में वन काटुओं ने गोचर जंगल को भी निशाना बनाया। 

अवैध कटान के दौरान वन माफिया खैर के बड़े मौछे अपने साथ ले जाने में सफल रहा, जबकि 100 से अधिक मौछे जंगल की झाड़ियों में छिपा दिए थे। वन विभाग की गश्त के दौरान काटे गए पेड़ों का खुलासा हुआ, जिसके बाद कर्मचारियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जंगल की झाड़ियों में छुपाए गए 100 से अधिक खैरों के मौछे बरामद कर लिए गए हैं। गोचर जंगल से काटे गए खैरों के पेड़ों की बाजार में कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।

उधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्ञान सिंह ने पुलिस थाना तलाई में शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने बताया कि अज्ञात लाेगाें के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्ञान सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि बीते दो दिनों में गोचर जंगल के अलग-अलग स्थानों पर अवैध कटान की घटना को अंजाम दिया गया।

वन विभाग द्वारा जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें जंगलों में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत विभाग या पुलिस को सूचित करें, ताकि वन संपदा को नुक्सान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News