मंडी में जुटेंगे 18 राज्यों के फुटबाल खिलाड़ी, ये टीमें लेंगी हिस्सा

Sunday, Dec 08, 2019 - 12:51 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): देश की सबसे प्रतिष्ठित हीरो डा बीसी रॉय फुटबाल स्पर्धा इस बार मंडी में 10 दिसम्बर से खेली जाएगी। प्रतियोगिता में देशभर के 18 राज्यों की टीमें शिरकत करेंगी। हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के मीडिया को-ऑर्डीनेटर सत्यदेव शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के मैच मंडी के पड्डल मैदान तथा सुंदरनगर के एम.एल.एस.एम. डिग्री कालेज में संयुक्त रूप से करवाए जाएंगे। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ ने इस प्रतियोगिता के आयोजन का जिम्मा हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ तथा जिला फुटबाल संघ को संयुक्त रूप से सौंपा है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के महासचिव दीपक शर्मा ने बताया कि 10 दिसम्बर को सुंदरनगर में सुबह 10.30 बजे हिमाचल प्रदेश फुटबाल संघ के अध्यक्ष एवं खाद्य आपुर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता के मैच पड्डल मैदान में ग्रुप-सी व बी के मुकाबले होंगे, जबकि सुंदरनगर में ग्रुप ए तथा बी के मुकाबले करवाए जाएंगे।

ये टीमें लेंगी हिस्सा

राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए 18 टीमों को 4 भागों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में सिक्कम, गुजरात, तमिलनाडु, त्रिपुरा तथा मेजबान हिमाचल प्रदेश को शामिल किया गया है। ग्रुप-बी में बिहार, महाराष्ट्र, पुड्डुचेरी, चंडीगढ़ तथा नागालैंड, ग्रुप-सी में राजस्थान, दमन एंड दीव, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड तथा असम, ग्रुप-डी में तेलंगाना, मध्य प्रदेश, दादर एवं नगर हवेली तथा अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं। पहला मुकाबला 10 दिसम्बर को ग्रुप-ए की मेजबान टीम हिमाचल प्रदेश बनाम सिक्कम के बीच खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला गुजरात बनाम तमिलनाडु के बीच होगा।
 

kirti