हिमाचल में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 5 जिलों में बाढ़ की चेतावनी

Saturday, Sep 24, 2022 - 09:31 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून विदा होने से पहले खूब बरस रहा है। प्रदेश में मानसून की सक्रियता की वजह से बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो रहा है। कुल्लू, चम्बा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों की चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश भागों में पिछले 3 दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में हो रही भारी बारिश से बड़े पैमाने पर ट्रांसफार्मरों के ठप्प पड़ने से बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही भूस्खलन से कई सड़कें भी बाधित हो गई हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों मेें प्रदेश के 5 जिलों शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, मंडी और चम्बा में बाढ़ की चेतावनी जारी की है और सैलानियों व स्थानीय लोगों को नदियों व नालों से दूर रहने की सलाह दी है। इसके अतिरिक्त मौसम विभाग ने आगामी 28 सितम्बर तक प्रदेश भर में मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है। 

398 ट्रांसफार्मर बंद, 69 सड़कें अवरुद्ध 
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को प्रदेश भर में 398 ट्रांसफार्मर बंद रहे। अकेले शिमला जिले में 350 ट्रांसफार्मर बंद हैं। लाहौल-स्पीति में 35, सोलन में 12 और सिरमौर में 1 ट्रांसफार्मर ठप्प है। इसके अलावा भूस्खलन से 69 सड़कें अवरुद्ध हुई हैं। शिमला जिले में 36, कांगड़ा में 14, कुल्लू में 7, सिरमौर में 6, सोलन व चम्बा में 2-2 और बिलासपुर व किन्नौर में 1-1 सड़क बाधित है। इसके अलावा मंडी में 2 मकान और चम्बा में 2 दुकानें ध्वस्त हुई हैं। शनिवार को नाहन में 34, शिमला में 19, सोलन में 18, ऊना में 16 व कुफरी में 11 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay