मंडी के धर्मपुर में पाइप लाइन फटने से आई बाढ़, 2 महिलाएं घायल

Thursday, Apr 23, 2020 - 05:59 PM (IST)

धर्मपुर (ब्यूरो): मंडी जिला के तहत धर्मपुर बहरी मढ़ी ध्वाली उठाऊ सिंचाई योजना की राइजिंग मेन पाइप रथौन में फट गई, जिससे 2 महिलाएं घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार भरौरी पंचायत के कोट गांव की 2 महिलाएं विमला देवी पत्नी रामलाल व सुनीता देवी पत्नी रमेश चंद अपने खेतों से गंदम की कटाई करके वापस घर जा रही थीं कि अचानक रथौन के पास धर्मपुर भरौरी कोट बहरी सड़क पर 32 इंच की पाइप लाइन अचानक फट गई, जिसके चलते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई और 2 महिलाएं चपेट में आकर कुछ दूरी तक बहती हुई चली गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

सिविल अस्पताल धर्मपुर में भर्ती करवाईं महिलाएं

लोगों ने इसकी सूचना तुरंत तत्काल सेवा 108 और पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों महिलाओं को सिविल अस्पताल धर्मपुर लाया गया। पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप पटियाल ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जल शक्ति विभाग धर्मपुर उपमंडल के सहायक अभियंता दिक्षांत शर्मा भी मौका पर पहुंच गए। महिलाओं के साथ बच्चे और गांव की अन्य महिलाएं भी थीं लेकिन वे कुछ दूरी पर थे, जिसके कारण वे इसकी चपेट में आने से बच गए।

पाइप लाइन हटाने की उठाई मांग

इस घटना के बाद गांव के लोग डर गए हंै और लाइन को यहां से हटाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह उनका आम रास्ता है और छोटे बच्चे तथा बूढ़े भी यहां से गुजरते हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी

जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीक्षांत शर्मा का कहना है कि यह राइजिंग मेन पाइप वैल्डिंग के पैच उखडऩे से फटी है। इस पाइप को यहां से हटाकर नई पाइप जल्द ही डाल दी जाएगी, वहीं डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल ने कहा कि वह स्वयं मौके पर गए थे और इसकी छानबीन के आदेश जारी कर दिए हैं।

Vijay