हिमाचल में बर्फबारी से 5 NH सहित 298 सड़कें बंद, PWD को करोड़ों का नुक्सान

Friday, Dec 13, 2019 - 05:34 PM (IST)

शिमला (ब्यूराे): हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में 2 दिन से हो रही बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बर्फबारी के बाद अधिक ऊंचे क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत, परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई है। रोहड़ू, चौपाल, नेरवा, नारकंडा, चम्बा के पांगी, भरमौर सहित जनजातीय जिला किन्नौर व लाहौल-स्पीति के ज्यादातर क्षेत्रों में शुक्रवार को दैनिक उपभोग की वस्तुओं (दूध, दही, ब्रेड, बंद, अंडा, सब्जियों) की सप्लाई भी नहीं पहुंच पाई। बर्फ बाहुल इलाकों में बीते 35 घंटे से अंधेरा छाया हुआ है। 2 दिन से हो रही बर्फबारी के बाद 5 नैशनल हाईवे समेत 298 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमने से तकरीबन 210 रूटों पर परिवहन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बर्फबारी से अकेले पीडब्ल्यूडी को 12.86 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है।

सबसे ज्यादा 129 सड़कें शिमला जोन में बंद

प्रदेश में सबसे ज्यादा 129 सड़कें शिमला जोन में बंद हैं। शिमला जोन के रामपुर सर्किल में 88 सड़कें, रोहड़ू सर्किल में 36 तथा नाहन सर्किल में 5 सड़कें बंद हैं। कांगड़ा जोन के डल्हौजी सर्किल में 118 सड़कें, पालमपुर सर्किल में 3, मंडी जोन के कुल्लू सर्किल में 25 तथा मंडी जोन में 17 सड़कों पर यातायात बाधित हुआ है। पीडब्ल्यूडी का दावा है कि विभाग ने 244 अपनी और निजी मशीनरी हायर करके बर्फ हटाने के काम में लगा रखी है। शुक्रवार देर शाम तक 131 सड़कें, शनिवार शाम तक 78 तथा शेष सभी सड़कों को रविवार शाम तक बहाल कर दिया जाएगा।

बर्फबारी से 1050 से अधिक विद्युत ट्रांसफार्मर ठप्प

बर्फबारी के बाद शिमला, चम्बा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी सहित कुल्लू जिला के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बीते 35 घंटे से अधिक समय से ब्लैक आऊट हो गया है। प्रदेशभर में 1050 से अधिक विद्युत ट्रांसफार्मर ठप्प हो गए है। अकेले चौपाल क्षेत्र में 300 ट्रांसफार्मर बंद होने से लोग 2 दिन से अंधेरे में हैं। यही हाल अन्य बर्फ बाहुल क्षेत्रों का भी है। बर्फबारी का दौर जारी रहने से बिजली बहाल करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरहऊंचे क्षेत्रों में पानी की पाइपें भी जम गई हैं। लोगों को पानी न मिलने से भी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

ये एनएच हुए बंद

प्रदेश में बर्फबारी के बाद एनएच-305 सैंज-लूहरी, एनएच-505 पवारी-पियो, एनएच-22 ठियोग-रामपुर, एनएच-705 ठियोग-हाटकोटी बीते 30 घंटे से अधिक समय से बंद है, जबकि एनएच-154 (ए) चम्बा-भरमौर शुक्रवार की ताजा बर्फबारी के बाद अवरूद्ध हो गया है। प्रदेश की राजधानी से चौपाल, नेरवा को जोडऩे वाली एक ओर प्रमुख सड़क खिड़की के पास बंद पड़ी है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी का दावा है कि एनएच-22, एनएच-705 शनिवार शाम तक तथा बाकी एनएच रविवार शाम तक बहाल कर दिए जाएंगे।

हर वक्त सड़के बहाल रखने के दिए निर्देश : वर्मा

पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता आरके वर्मा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी महकमा सड़कों पर से बर्फ हटाने में जुटा हुआ है। ऊंचे क्षेत्रों में निरंतर हो रही बर्फबारी इस काम में बाधा भी उत्पन्न कर रही है। विभागीय अधिकारियों को सभी सड़के हर वक्त यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दे रखे हैं।

Vijay