रामपुर : पंद्रहबीश के क्याओ व मुनीष बाहली के ऊर्मण में आग का तांडव, लाखों रुपए का नुक्सान

Friday, Nov 25, 2022 - 08:57 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): सर्दियां शुरू होते ही क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं होना भी शुरू भी हो गई हैं। उपमंडल रामपुर की 2 पंचायतों में आग की घटनाओं में लाखों रुपए की सम्पत्ति को नुक्सान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार पंद्रहबीश क्षेत्र के तहत क्याओ पंचायत के गांव में स्थित अश्वनी कुमार पुत्र कोलाराम की एडेली नीड्स की दुकान में अचानक आग लग गई, जिसके चलते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गानवी पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के आने से पहले ही ग्रामीणों ने दुकान में लगी आग पर काबू पा लिया था। इस घटना में दुकान मालिक को करीब 4 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा तकलेच उपतहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुनीष-बाहली के गांव ऊर्मण में एक रसोईघर में आग लग गई। घटना में खाद्य सामग्री, बर्तन, बिस्तरे व लकड़ी का बैड आग की भेंट चढ़ गए। बताया जा रहा है कि ये घटना बीती रात करीब साढ़े 11 बजे की है। इस घर में रहने वाले फिंडू राम व उसकी पत्नी रात पौने 8 बजे सो गए थे। गांव वालों ने मौके पर आग को बुझाया। तकलेच पुलिस चौकी हैड कांस्टेबल भूपेंद्र, कर्मचंद मौके पर पहुंचकर नुक्सान का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। इस घटना में करीब अढ़ाई लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। 

रामपुर के दुर्गम क्षेत्रों में समय पर नहीं पहुंच पाती फॉयर ब्रिगेड 
रामपुर के दुर्गम क्षेत्रों में अभी भी आग की घटना पर काबू पाने के लिए फॉयर ब्रिगेड के कर्मचारियों का समय पर पहुंचाना मुश्किल है। इन क्षेत्रों में ऐसी घटना होने पर ग्रामीणों की सहायता से ही आग पर काबू करने का प्रयास किया जाता है। हांलाकि प्रशासन ने भी सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके का निरीक्षण करने के लिए भेजा दिया है। एसडीपीओ रामपुर चंद्र शेखर कायथ ने बताया कि क्याओ में दुकान में भड़की आग से करीब साढ़े 4 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। इसके अलावा तकलेच चौकी के अतंर्गत ग्रामीण पंचायत मुनीष-बाहली के ऊर्मण गांव में आग की घटना में करीब अढ़ाई लाख का नुक्सान होने का अनुमान है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay