नेरवा के यांलडी में आग से सेब के 150 पौधे व हजारों देवदार के पेड़ स्वाह, गऊशाला में बंधी गाय जिंदा जली

Thursday, Apr 01, 2021 - 05:51 PM (IST)

नेरवा (राजिंद्र): बुधवार को पेश आए आग के दो मामलों में सेब व नाशपाती के बगीचों सहित लाखों रुपए की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई तथा गऊशाला में बंधी एक गाय जिंदा जल गई। जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र नेरवा के अंतर्गत यांलडी वन क्षेत्र में आग भड़कने से 150 सेब के फलदार पौधे व हजारों देवदार के पेड़ जलकर राख हो गए। आग में तीन सगे भाइयों के 150 सेब के फलदार पौधे व एक गऊशाला जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। भगत राम, दौलत राम व देइ राम पुत्र स्वर्गीय धंगड़ की आजीविका इसी छोटे से बगीचे पर निर्भर थी।

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता श्याम लाल कामटा ने बताया कि बुधवार दिन को यांलडी के समीप फेलवी व बावी के मध्य चरागाह में आग भड़क उठी। तेज हवाओं के चलते आग ने रौद्र रूप धारण कर पूरे यांलडी वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। श्याम लाल ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व वन विभाग ने यांलडी वन क्षेत्र में करीब साढ़े सात हजार देवदार के पौधे रोपित किए थे जोकि इस आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं वन विभाग को दी गई। उक्त सभी विभागों के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया तथा आग को गांव में फैलने से रोक लिया। वन परिक्षेत्राधिकारी नेरवा पीएन दत्ता ने बताया कि यांलडी में हुई आग की घटना में विभाग के देवदार के करीब पांच हजार छोटे पौधे जलकर नष्ट हुए हैं।

दूसरे मामले में आग लगने से ग्राम पंचायत पौडिय़ा के गांव खिलार निवासी शोभ राम पुत्र झथु के एक कमरे का मकान और रसोईघर जलकर राख हो गया। खिलार निवासी मस्तु राम, पुत्र देवी दास की गऊशाला भी इस आग की भेंट चढ़ गई, जिसमें बंधी जर्सी गाय की जिंदा जल गई। इसके अलावा खिलार गांव से लछोग गांव तक आग ने तांडव मचाते हुए सेब और नाशपाती के हजारों पौधे झुलसा डाले। राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित शोभ राम को 10 हजार तथा मस्तु राम को 5 हजार रुपए फौरी राहत के रूप में प्रदान किए। तहसीलदार नेरवा अरुण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि राजस्व विभाग की टीम दोनों मामलों में हुए नुक्सान का आकलन करने में जुट गई है। दोनों घटनाओं का मामला नेरवा थाने में दर्ज करने के बाद पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने तथा आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

Content Writer

Vijay