Chamba: चुराह के बलियास में भयंकर अग्निकांड, 3 परिवारों को लाखों रुपए का नुक्सान
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 07:54 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): चम्बा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत घुलेई के गांव बलियास में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक दोमंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में तीन परिवारों का लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे घटी। मकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दोमंजिला संयुक्त मकान में तीन परिवार निवास करते थे, जिनमें दौलत राम पुत्र श्याम, बलदेव पुत्र श्याम और कर्म सिंह पुत्र नरोत्तम का परिवार शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की मुस्तैदी के चलते घर की निचली मंजिल को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन ऊपरी मंजिल पूरी तरह तबाह हो गई। मौके का जायजा लेने पहुंचीं नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान मान देई राणा ने बताया कि आग की वजह से घर की ऊपरी मंजिल के 4 कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं।
अग्निकांड की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर नुक्सान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम रवाना कर दी गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चुराह के एसडीएम राजेश जरयाल ने बताया कि प्रभावित परिवारों के नुक्सान का सटीक आकलन करने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

