सिरमौर: औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब की फैक्टरी में लगी भीषण आग, लाखों रुपए के नुक्सान का अनुमान
punjabkesari.in Friday, Feb 16, 2024 - 10:52 PM (IST)

कालाअम्ब (प्रताप): सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में प्लाई बोर्ड बनाने वाली फैक्टरी में आग लगने से लाखों रुपए का नुक्सान हो गया। जानकारी के अनुसार घटना के वक्त फैक्टरी में अगली शिफ्ट की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान फैक्टरी के मशीन शॉप के नजदीक ऑयल चैंबर ने अचानक आग पकड़ ली। बताया जा रहा है कि यह लुब्रिकेशन ऑयल था, जो बड़ी तेजी से जलने लगा। तेल में लगी आग बड़ी तेजी से फैक्टरी में फैल गई, जिसकी चपेट में फैक्टरी का बड़ा हिस्सा आ गया। आग लगने की घटना की जानकारी फैक्टरी प्रबंधन ने कालाअम्ब फायर चौकी को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही लीडिंग फायरमैन राजेश अपनी पूरी टीम के साथ मात्र 20 मिनट में एक फायर टैंडर के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने नाहन फायर स्टेशन को भी सूचित कर दिया। लिहाजा नाहन से भी 2 फायर टैंडर कालाअंब के लिए रवाना हुए। इसके साथ-साथ फैक्टरी प्रबंधन ने हरियाणा के बिलासपुर फायर स्टेशन को भी सूचित कर दिया था। उससे पहले अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया था।
बहरहाल इस अग्निकांड में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। फैक्टरी के महाप्रबंधक डीएन सिंह ने बताया कि ऑयल चैंबर में अचानक हुई लीकेज से निकले तेल के आग पकड़ लेने से यह घटना हुई। आग से कितना नुक्सान हुआ है, जांच के बाद ही इसका पता चल पाएगा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्टरी में हुए भीषण अग्निकांड की घटना से लाखों के नुक्सान का अनुमान है। लीडिंग फायरमैन राजेश ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नुक्सान का आकलन किया जा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here