आनी में भीषण अग्निकांड, लोकमित्र केंद्र समेत दर्जनों दुकानें जलकर राख

Sunday, Jan 06, 2019 - 09:50 PM (IST)

आनी: बीती रात ग्राम पंचायत कराड़ के चोतरु नाग के बने सराय में अचानक आग लगने से लाखों का नुक्सान हो गया। आग की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने में जुट गए। स्थानीय पंचायत प्रधान बंती देवी ने बताया कि यह घटना बीती रात को 2 बजे घटी जब सभी गहरी नींद में थे। आग को ग्राम पंचायत बिश्लाधार के लोगों द्वारा देखा गया। आग की लपटें उठतीं देख लोग उसे बुझाने में जुट गए। इस आग में लोकमित्र केंद्र समेत बारह कमरे जलकर राख हो गए। प्रधान बंती देवी ने बताया कि सुबह 6 बजे अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे।

शॉर्ट सर्किट माना जा रहा आग लगने का कारण

जानकारी के मुताबिक बिजली का शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा है क्योंकि दुकान के मीटर पूरी तरह से ब्लास्ट हुए हैं। वहीं एस.डी.एम. आनी चेत सिंह ने कहा कि कोठी मंदिर के सराय भवन के पुननिर्माण और मुरम्मत के लिए इस मामले को जिला प्रशासन को भेजेंगे। जिलाधीश कुल्लू यूनुस ने सहमति दी है कि वह सराय भवन के पुनर्निर्माण के लिए धन की व्यवस्था करेंगे। अगर मंदिर को कोई नुक्सान हुआ है तो इस संबंध में कला और संस्कृति विभाग से फंड लिया जाएगा। एस.डी.एम. आनी चेत सिंह ने कहा हम प्रभावित दुकानदारों को राहत देने के लिए मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन बर्फबारी के कारण वाहन कोठी से 4 कि.मी. पहले फंस गए हैं। हम प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए प्रबंध कर रहे हैं।

35 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान

आनी तहसील के अंतर्गत कोठी नामक स्थान पर देवता साहब चोतरु की सराय बनी है जोकि दोमंजिला है, जिसमें बारह कमरे हैं जोकि सभी किराए पर हैं, जिसमें दुकानें खोल रखी हंै, इसमें सुबह के समय आग लग गई। इसमें करीब 35 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। इसमें जानी कोई नुक्सान नहीं हुआ है।

Vijay