हिमाचल में फिर गहराया खाद संकट, हिमफैड ने केंद्रीय कृषि मंत्रालय को लिखा पत्र

Tuesday, Jun 21, 2022 - 09:20 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में फिर से खाद संकट गहरा गया है। राज्य में 12:32:16 व 15:15:15 किस्म की खाद की कमी हो गई है। इससे किसानों व बागवानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी है कि खाद की कमी को लेकर हिमफैड ने केंद्रीय कृषि मंत्रालय को पत्र लिखकर इस कमी को दूर करने की गुहार लगाई है। यूक्रेन युद्ध व चीन के साथ अच्छे संबंध नहीं होने के कारण विदेशों से खाद के लिए कच्चा माल नहीं आ रहा है। इस कारण खाद बनाने वाले कंपनियों ने खाद का उत्पादन बंद कर दिया है। इस कारण देश सहित हिमाचल में भी खाद की कमी हो गई है। जानकारी है कि प्रदेश में इस समय 12:32:16 व 15:15:15  किस्म की खाद की 1300 मीट्रिक टन से अधिक की कमी चल रही है। 

दाम बढ़ने के साथ पहले भी हुई थी खाद की कमी
प्रदेश में गत फरवरी माह में भी सभी किस्म की खादों के दाम बढऩे के साथ-साथ इनकी कमी भी हो गई थी। बाद में सरकार के प्रयासों के बाद इसे दूर किया गया था। उम्मीद है कि सरकारी प्रयासों से वर्तमान खाद संकट भी दूर होगा। 

अगले सप्ताह हो दूर हो जाएगी कमी
हिमफैड के अध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि अगले सप्ताह तक 12:32:16 व 15:15:15 किस्म की खाद की कमी दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि काफी समय पहले केंद्र को खाद्य की कमी को दूर करने को लेकर पत्र लिखा गया था। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुजरात फर्टिलाइजर लिमिटेड ने जल्द ही खाद की आपूर्ति करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि विदेशों से कच्चा माल नहीं आने के कारण कंपनियों ने उत्पादन बंद कर दिया है। इस कारण यह समस्या सामने आई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में यूरिया, म्यूरिट पोटाश आदि किस्म की खादों की कमी नहीं है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay