विशुद्ध राजनीतिक आंदोलन से भडक़ाए जा रहे किसान : जयराम

Monday, Dec 07, 2020 - 06:10 PM (IST)

शिमला (कुलदीप) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि विशुद्ध राजनीतिक आंदोलन से किसानों को भडकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार विधेयकों की आड़ में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस सहित अन्य विरोधी दल इसलिए मोर्चा खोल रहे हैं, क्योंकि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बढ़ते सियासी कद से खतरा महसूस हो रहा है। जयराम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंगलवार के बंद के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र में जब डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार थी, तो उस समय राहुल गांधी सहित अन्य विरोधी दल के नेता कृषि सुधारों का समर्थन कर रहे थे। कृषि मंत्री के पद पर रहते हुए शरद पवार ने तो इसके लिए बाकायदा राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि आंदोलन से इस समय सबसे अधिक प्रभावित राज्य दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल किसानों की आवभगत करने का नाटक रच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, एन.सी.पी., टी.एम.सी., अकाली दल, सपा, आप, स्वराज पार्टी और वामपंथी दलों सहित अन्य क्षेत्रिय दल अपने वजूद को खत्म होते देख किसानों के साथ खड़ा होने का ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से पारित विधेयकों से न तो किसान की जमीन बिकेगी, न लीज पर देने से किसी तरह का नुकसान और न ही किसान को अपने उत्पाद बेचने पर हानि होगी।
 

prashant sharma