Ex CM वीरभद्र ने टिकट को लेकर सुक्खू को लिया आड़े हाथ, कह डाली ये बड़ी बात

Wednesday, Dec 05, 2018 - 11:16 PM (IST)

शिमला: हिमाचल कांग्रेस में लोकसभा चुनाव से पहले ही टिकटों को लेकर घमासान मचता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू ऐरे-गेरे नत्थू खैरों को टिकट दिलवाना चाह रहे हैं, ऐसे में यदि उनके चहेतों को टिकट मिलेगा तो उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। वीरभद्र सिंह बुधवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बोल रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी जीतने की क्षमता रखने वाले सशक्त चेहरे को ही लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाएगी, ताकि पार्टी की जीत सुनिश्चित हो सके।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर पहले भी साध चुके हैं निशाना

बता दें कि वीरभद्र सिंह इससे पहले भी कई बार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना साध चुके हैं। इसके साथ ही वह सुक्खू को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने की वकालत भी पार्टी हाईकमान के समक्ष कर चुके हैं। कांग्र्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के समक्ष भी वह इस बारे अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। वीरभद्र सिंह के तेवरों को देखकर लगता है कि यदि टिकट आबंटन के मामले में उनको विश्वास में नहीं लिया गया तो इससे पार्टी को नुक्सान भी उठाना पड़ सकता है।

चुनाव लड़ने से कर चुके हैं इंकार

वीरभद्र सिंह आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर चुके हैं। पहले माना जा रहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे, लेकिन इस चर्चा पर वीरभद्र सिंह अब पूरी तरह से विराम लगा चुके हैं। वह यह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि वह आगामी लोकसभा चुनाव के प्रचार में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और कांग्रेस को चारों लोकसभा सीटों पर विजय दिलाएंगे।

Vijay