Ex CM वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य में सुधार, विक्रमादित्य ने लोगों से की ये अपील

Saturday, May 01, 2021 - 10:21 PM (IST)

शिमला (जस्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य में अब सुधार है। वे पहले वैंटीलेटर में थे, लेकिन अब उन्हें वैंटिलेटर की आवश्यकता नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री फिलहाल आईजीएमसी में ही भर्ती हैं। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार जारी है। उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलनी है अभी डाक्टर ने इस बारे नहीं बताया है। शिमला ग्रामीण के विधायक और वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने अपने फेसबुक पर जानकारी दी है कि हमारी और आईजीएमसी प्रशासन की ओर से विनम्र निवेदन है कि बहुत साथी वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जानने के लिए आईजीएमसी जा रहे हैं, कृपया वहां न जाएं। हम आपकी भावनाओं की कदर करते हैं परंतु इस महामारी के समय में वहां जाने से बहुत से उपचाराधीन लोगों को संक्रमित होने का खतरा रहता है और चिकित्सकों के सुझाव अनुसार किसी को भी उनसे फिलहाल मिलने की इजाजत नहीं है।

बता दें कि वीरभद्र सिंह की बीते दिन शुक्रवार को चंडीगढ़ से शिमला लौटने पर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें आईजीएमसी में भर्ती किया गया है। वीरभद्र सिंह को सांस लेने में तकलीफ हुई थी। उनका आईजीएमसी के कार्डियक केयर यूनिट में उपचार चल रहा है। पिछले 13 अप्रैल से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें चंडीगढ़ के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। हालांकि उनकी कोरोना रिपोर्ट कुछ दिन पहले नैगेटिव आई थी, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी नहीं दी थी। तबीयत में सुधार होने के बाद वीरभद्र सिंह को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई लेकिन सांस में दिक्कत के चलते फिर उन्हें आईजीएमसी जाना पड़ा।

Content Writer

Vijay