भाजपा एक राजनीतिक दल, सभी परिस्थितियों के लिए तैयार : जयराम ठाकुर

punjabkesari.in Tuesday, Jan 03, 2023 - 08:43 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): यद्यपि कांग्रेस के पास जनमत है परंतु कांग्रेस के अंदर सब ठीक नहीं है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पालमपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रश्नों के उत्तर देते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा को इतनी जल्दी नहीं है, यद्यपि भाजपा एक राजनीतिक दल है तथा सभी परिस्थितियों के लिए भाजपा तैयार है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के छोटे से कार्यकाल के दौरान ही इंडस्ट्री, स्कूल, अस्पताल सब बंद हैं, वहीं कैबिनेट भी बंद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक संस्थानों सीमैंट फैक्टरियों के बंद होने से हजारों लोगों के रोजगार पर प्रश्न खड़ा हुआ है परंतु सरकार इस मुद्दे को सुलझाने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के साथ में समन्वय बनाने का एक मैकेनिज्म होता है तथा लोगों का रोजगार प्रभावित न हो तथा फैक्टरियां भी चलती रहें, इस व्यवस्था को बनाने में सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है परंतु वर्तमान कांग्रेस सरकार इसमें पूरी तरह से असफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि दोनों पक्षों से बात करे तथा रास्ता निकाले। 

10 दिनों में ही सरकार के विरुद्ध लोग सड़कों पर 
जयराम ठाकुर ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि 10 दिनों में ही सरकार के विरुद्ध लोग सड़कों पर उतर कर विरोध जताने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व में कैबिनेट में लिए गए निर्णयों को बदलने का असंवैधानिक कार्य आरंभ किया है। उन्होंने कहा कि बिना शपथ के ही विधायकों की कमेटियां बनाकर इन निर्णयों को बदला जा रहा है तथा इनकी समीक्षा की जा रही है जबकि ऐसा किया जाना संविधान के अनुसार नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। ऐसे में संस्थानों को डिनोटिफाई किया जा रहा है। इससे पहले पालमपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, विनय शर्मा, मंडलाध्यक्ष अभिमन्यु भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सदन में जोर-शोर से उठेगा संस्थानों को डिनोटिफाई करने का मामला
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के गठन के 1 सप्ताह के भीतर ही विधानसभा सत्र का आयोजन किए जाने की परंपरा रही है परंतु इतने दिन बीत जाने के बाद धर्मशाला में विधानसभा का सत्र आयोजित किया जा रहा है, ऐसे में भाजपा सभी विधायकों से चर्चा कर सदन में मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि संस्थानों को डिनोटिफाई किए जाने का मामला भाजपा जोर-शोर से उठाएगी, वहीं सीमैंट प्लांट के मामले को लेकर भी भाजपा कांग्रेस को घेरेगी जबकि 10 गारंटियों को लेकर अभी तक कोई निर्णय न लिए जाने पर भी भाजपा कांग्रेस पर सदन में हमलावर रह सकती है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News