कंट्रोल रूम में पहुंचीं EVM, सुरक्षा को लेकर RPF व HP Police ने संभाला मोर्चा(Video)

Monday, May 20, 2019 - 05:12 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा चुनाव-2019 के लिए पोलिंग शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त होने के उपरांत प्रशासन व पुलिस ने 23 मई को होने वाली मतगणना को लेकर कमर कस ली है। जानकारी देते हुए एस.डी.एम. एवं निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि इस बार मंडी संसदीय सीट के 4 निर्वाचन क्षेत्रों सुंदरनगर, करसोग, सरकाघाट व नाचन की मतगणना सुंदरनगर के जे.एन.जी.सी. कॉलेज में स्थापित कंट्रोल रूम में की जाएगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी, जिसके लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए हैं।

कंट्रोल रूम में सुरक्षित पहुंचीं ई.वी.एम., 3 सुरक्षा घेरे बनाए

उन्होंने कहा कि सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 106 पोलिंग बूथों व अन्य 3 निर्वाचन क्षेत्रों से ई.वी.एम. सुरक्षित कंट्रोल रूम में पहुंच गई हैं। कंट्रोल रूम में 3 सुरक्षा घेरों में ई.वी.एम. को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। वहीं कंट्रोल रूम में तैनात सुरक्षा अधिकारी सब इंस्पैक्टर प्रकाश चंद ने कहा कि जे.एन.जी.सी. कॉलेज में स्थापित कंट्रोल रूम में ई.वी.एम. की सुरक्षा को लेकर 24 घंटे जवान मुस्तैद हैं। उन्होंने कहा कि ई.वी.एम. की सुरक्षा को लेकर 3 चरणों में जवान तैनात कर दिए गए हैं।

पहले सुरक्षा घेरे में आर.पी.एफ. के 35 जवान तैनात

ई.वी.एम. के पहले सुरक्षा घेरे में रेलवे पुलिस फोर्स (आर.पी.एफ.) के 35 जवान आए हुए हैं। पहले सुरक्षा घेरे में 1 शिफ्ट में आर.पी.एफ. के हथियारबंद 6 जवानों को तैनात किया गया है। दूसरे सुरक्षा घेरे में प्रथम हिमाचल प्रदेश आम्र्ड पुलिस बटालियन जुन्गा के जवान तैनात हैं जबकि अंतिम व तीसरे सुरक्षा घेरे में जिला मंडी पुलिस के 23 जवानों ने 24 घंटे मोर्चा संभाला हुआ है।

10 सुरक्षा कर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात

उन्होंने कहा कि ई.वी.एम. की कड़ी सुरक्षा के लिए हर पल 10 सुरक्षा कर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं, जिनमें 6 आर.पी.एफ., 2 एच.पी. आम्र्ड पुलिस बटालियन और 2 जिला पुलिस के जवान मौजूद हैं।

Vijay