धर्मशाला के बाशिंदे जल्द ही उठा सकेंगे इलैक्ट्रिक बसों में सफर का आनंद

Saturday, Oct 13, 2018 - 02:23 PM (IST)

धर्मशाला : स्मार्ट सिटी धर्मशाला में जल्द ही हिमाचल पथ परिवहन निगम के बस रूटों की जगह धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड की इलैक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। इस परियोजना को धरातल में उतारने के संबंध में स्मार्ट  सिटी के एम.डी. एवं नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त संदीप कदम की आर.टी.ओ. कांगड़ा डा. विशाल शर्मा के साथ बैठक हुई। इससे जहां नगर निगम धर्मशाला पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपने कदमों को आगे बढ़ाएगा, वहीं धर्मशाला के बाशिंदे भी स्मार्ट सुविधा संपन्न इलैक्ट्रिक बसों में सफर कर पाएंगे।

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अभी जरूर कुछ समय और शहरियों को इंतजार करना होगा, क्योंकि अभी लाभान्वित राशि के संबंध में भी नगर निगम धर्मशाला के अधिकारियों व एच.आर.टी.सी. अधिकारियों के बीच बैठक होनी शेष है, वहीं आर.टी.ओ. कांगड़ा मेजर डा. विशाल शर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नगर निगम की ओर से चलाए जाने वाली इलैक्ट्रिक बसों को लेकर बैठक में चर्चा हुई है। इन बसों को एच.आर.टी.सी. की मौजूदा समय में दौड़ रही डीजल बसों के रूटों पर दौड़ाया जाएगा।

उधर, नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के एम.डी. संदीप कदम ने कहा कि इलैक्ट्रिक बसों के संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के साथ बैठक हुई है। जल्द ही स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इलैक्ट्रिक बसें चलाए जाने को लेकर टैंडर खुलने वाला है, इसी के चलते उपरोक्त बैठक हुई है।
 

kirti