पुरानी पैंशन बहाली की मांग को शिमला के चौड़ा मैदान में पैंशन व्रत पर बैठे कर्मचारी

Wednesday, Mar 03, 2021 - 07:56 PM (IST)

शिमला (राजेश): पुरानी पैंशन बहाली को लेकर कर्मचारी प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में हैं। पैंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी प्रदेश नई पैंशन स्कीम कर्मचारी संघ ने बुधवार से कर दी है। विधानसभा बजट सत्र के दौरान बुधवार को हिमाचल प्रदेश नई पैंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ द्वारा पुरानी पैंशन बहाली के लिए शिमला के चौड़ा मैदान में पैंशन व्रत किया गया। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से 101 कर्मचारी पैंशन व्रत पर बैठे।

मुख्यमंत्री 6 मार्च को करें पुरानी पैंशन बहाली की घोषणा

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि संगठन द्वारा पुरानी पैंशन बहाली के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चौड़ा मैदान में पैंशन व्रत करने का उद्देश्य सरकार तक शांतिपूर्ण तरीके से पुरानी पैंशन बहाली की मांग रखना था, जिसमें प्रदेश के सभी कर्मचारियों ने सहयोग किया। उन्होंने कहा कि महासंघ द्वारा पुरानी पैंशन बहाली के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदीप ठाकुर ने सीएम जयराम ठाकुर से अनुरोध किया है कि 6 मार्च को जब मुख्यमंत्री प्रदेश का बजट रखेंगे, तब वह कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाली की भी घोषणा कर दें। प्रदेश के समस्त पैंशन विहीन कर्मचारी भी यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि इस बजट में कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाली के लिए सीएम जरूरी कदम उठाएंगे।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो 7 मार्च से क्रमिक अनशन शुरू होगा

हिमाचल प्रदेश नई पैंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकार द्वारा कर्मचारियों की पैंशन बहाल नहीं की जाती है तो 7 मार्च से लगातार पूरे बजट सत्र के दौरान कर्मचारी क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। मुख्यमंत्री को कर्मचारियों की पीड़ा समझते हुए बजट के दौरान कर्मचारियों की पैंशन बहाल कर देनी चाहिए। अगर वे कर्मचारियों को निराश करते हैं तो कर्मचारियों को मजबूरन अपनी मांग को लेकर लगातार संघर्ष करना पड़ेगा।

ये रहे पैंशन व्रत के दौरान मौजूद

महासंघ के महासचिव भरत शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सौरभ वैद, कोषाध्यक्ष ऋषि पाल शर्मा, संविधान पर्यवेक्षक श्याम लाल गौतम, मुख्य सलाहकार अश्विनी राणा, जावेद इकबाल आईटी सैल प्रभारी शैलेंद्र चौहान, घनश्याम, उपाध्यक्ष नित्यानंद, महिला विंग महासचिव ज्योतिका मेहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता चौहान, पूजा सवरवाल, अलका गेल, जिला मंडी की अध्यक्ष मंजिला वर्मा, जिला शिमला की अध्यक्ष सुनीता मेहता, महासचिव रंजना, राज्य जिला कांगड़ा की अध्यक्ष पवना राणा, उपाध्यक्ष राजू कुमारी, वीरेंद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा, उपाध्यक्ष बलदेव बिष्ट, बलदेव नेगी, जिला किन्नौर के अध्यक्ष वीरेंद्र जिंटू और चम्बा के अध्यक्ष सुनील जरियाल मौजूद रहे।

Content Writer

Vijay