पुरानी पैंशन बहाली को लेकर मंडी में गरजे कर्मचारी

Saturday, Jul 09, 2022 - 07:30 PM (IST)

मंडी (अनिल): न्यू पैंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने जिलाध्यक्ष लेखराज की अध्यक्षता में शनिवार को पुरानी पैंशन बहाली को लेकर संकल्प रैली निकाली और नारेबाजी की। संकल्प रैली भ्यूली से बस स्टैंड मंडी, आईटीआई चौक से होते हुए सेरी मंच पहुंची। सेरी मंच पर न्यू पैंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने सरकार पर कई तंज कसे और कहा कि मुख्यमंत्री ने मामा-भांजा की बात भी नहीं मानी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि संगठन द्वारा हर जिले में पैंशन संकल्प रैलियां की जा रही हैं, जिसकी शानदार शुरूआत जिला किन्नौर से हुई थी। प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को जल्द से जल्द पैंशन बहाल करनी चाहिए। प्रदेश का कर्मचारी पैंशन बहाली के लिए संघर्ष के रास्ते पर चल पड़ा है। अब कर्मचारी पैंशन बहाली तक पीछे नहीं हटेंगे। 

...तो परिवार के साथ शिमला कूच करेंगे कर्मचारी
मुख्यमंत्री ने संवैधानिक पद पर बैठकर कर्मचारियों से बदले की भावना से काम किया है जो बिल्कुल भी सही बात नहीं है। कर्मचारी मानसून सत्र के दौरान शिमला परिवार के साथ जाएंगे, अगर फिर भी कर्मचारियों की पैंशन बहाल नहीं होती है तो इसका खमियाजा सरकार को चुनावों में भुगतना पड़ेगा। जिलाध्यक्ष लेखराज ने कहा कि जिला मंडी के कर्मचारी पैंशन बहाली के लिए एकजुट हैं तथा पैंशन बहाली तक राज्य कार्यकारिणी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिला मंडी में कर्मचारियों के ऊपर दबाव की राजनीति की जाती है लेकिन फिर भी कर्मचारी हर तरह के दबाव से ऊपर उठकर पैंशन बहाली के लिए हमेशा संगठन के साथ खड़े हुए हैं, जिससे यह जाहिर होता है कि कर्मचारी के ऊपर किसी भी तरह का दबाव काम नहीं आएगा। पूरा दिन पुरानी पैंशन बहाली के नारों से गूंजता रहा। रैली के दौरान रिटायर कर्मचारी भी उपस्थित रहे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay