यहां HRTC के कर्मचारियों की जान पर मंडरा रहा खतरा, विभाग देखकर बन रहा अनजान

Saturday, Jul 20, 2019 - 05:17 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर का कार्यालय और कार्यशाला भवन ढहने की कगार पर है, जिसके चलते सैंकड़ों कर्मचारी खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। वर्ष 1985 में निर्मित शिमला जिला के रामपुर बुशहर परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय और वर्कशाप भवन में कई जगहों पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। भवन का बीच से ज्वाइंट भी करीब डेढ़ फुट खुल चुका है। इस परिसर में निगम के रीजनल मैनेजर समेत उनका पूरा स्टाफ भी बैठता है। इसके अलावा नीचे वर्कशाप है, जहा करीब 100 लोग कार्य करते हैं। इस के अलावा धरातल में कार्यशाला मे कार्यरत कर्मचारियों के लिए एक दर्जन से अधिक रिहायश है।

विशेषज्ञों की टीम ने सुरक्षित बताया है भवन

भवन की दुर्दशा को लेकर कर्मचारियों ने कई बार निगम उच्च प्रबंधन तक को लिखित रूप में अवगत करया है लेकिन अब तक उनकी फरियाद नहीं सुनी गई है। इतना जरूर है कि विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर आकर कर भवन का मुआयना किया है और इसे सुरक्षित बताया है लेकिन कर्मचारी भवन की वर्तमान दशा को देख खासकर बरसात के मौसम में न तो दिन में चैन से काम कर पाते हैं और न ही इसमें रहने वाले चैन से सो पाते हैं।

वर्कशॉप के कर्मचारियों का क्या है कहना

वर्कशॉप के कर्मचारी शादी लाल और किशोरी लाल ने बताया कि हिमाचल परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय और कार्यशाला भवन खस्ता हालत में है। भवन में काफी दरारें आ गई हैं।  यह कभी भी गिर सकता है। वे यहां खौफ के साये में काम कर रहे हैं। निगम कर्मी हितेंद्र ने बताया निगम के अधिकारी बार-बार जांच करने आते हैं और वे इसे क्लीन चिट देकर चले जाते हैं। वर्कशाप की दशा ठीक नहीं है, जिस कारण काम करना मुश्किल है।

क्या कहते हैं क्षेत्रीय प्रबंधक

वहीं परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक गुरवचन सिंह ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम को मौके पर लाया गया था। उन्होंने इसका अध्ययन किया और पाया की यह भवन सुरक्षित है। इतना जरूर है कि इसकी मुरम्मत की जानी है, उसके लिए प्राकलन आदि बना दिया गया है तथा जल्द इसे ठीक किया जाएगा।

Vijay